मंडी। मानसून के चलते हिमाचल प्रदेश में लगातार भूस्खलन की घटनाएं लोगों की परेशानियों को बढ़ा रही हैं। भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे तक बंद पड़े हुए है। लगातार गिर रहे पत्थर और मलबे ने यातायात को प्रभावित किया है। 

शव ले जा रहा परिवार भी फंसा

सबसे मार्मिक तस्वीर कांगड़ा जिले के उस परिवार की है, जो एक दिवंगत परिजन का पार्थिव शरीर लेकर नूरपुर जा रहा था। लेकिन मंडी जिले के कैंचीमोड़ के पास भूस्खलन के चलते हाईवे जाम हो गया और यह परिवार 5 घंटे से सड़क पर ही अटका रहा।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने पूरी की विधायक पत्नी की मांग, 19 करोड़ किए मंजूर- जानिए कहां होंगे खर्च

5 घंटे तक नहीं मिली मदद

सुबह साढ़े आठ बजे तक भी मौके पर NHAI की ओर से मलबा हटाने की कोई मशीन नहीं पहुंच पाई थी। थक-हारकर लोग अब अपने वाहनों को वहीं छोड़कर पैदल सफर करने को मजबूर हुए। जिसके बाद 9 बजे के आसपास मशीनरी पहुंची और रास्ते को बहाल कर दिया गया था। 

एक दिन पहले भी ढहा था पहाड़

बता दें कि गुरुवार को भी इसी जगह लैंडस्लाइड हुआ था। शिवाबदार गांव को जोड़ने वाली सड़क हाईवे के ऊपर से ही धंस गई थी, जिससे पंडोह डैम तक बना वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया था। प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने लगभग 9 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक को चालू किया था। लेकिन आज फिर से पहाड़ गिरा और सभी प्रयास धरे के धरे रह गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के राशन डिपुओं में कम मिलेगा आटा, चने की दाल और सरसों तेल भी लिस्ट से बाहर- जानें

फोरलेन की रिवर साइड भी धंसी

बता दें कि कैंचीमोड़ से ऊपर जहां फोरलेन की रिवर साइड पहले ही धंस चुकी है, वहीं अब डयोड़ टनल तक कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इस वजह से इस मार्ग पर सिर्फ एकतरफा यातायात ही संभव हो पा रहा था, लेकिन अब वह भी लगभग ठप हो चुका है। फंसे यात्रियों का कहना है कि बारिश थमने के बावजूद कोई राहत नहीं मिल रही।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कहर बनकर बरस रहे बादल: नदी में आई बाढ़, आज हाई अलर्ट पर ये जिले

प्रशासन ने की सतर्कता की अपील

जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से इस मार्ग पर यात्रा करने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। पंडोह चौकी की टीम मौके पर मौजूद जरूर है, लेकिन एनएचएआई की मशीनरी के बिना राहत कार्य शुरू नहीं हो पा रहा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।