#अव्यवस्था
September 25, 2026
हिमाचल : बेटे को जन्म देते ही बिगड़ी महिला की हालत, एक घंटे में हुई मौ**त- डॉक्टरों पर भड़के परिजन
दो साल पहले हुई थी 23 वर्षीय त्रिकला की शादी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल किसी से छिपा नहीं है। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से लेकर बड़े अस्पतालों तक मरीजों को आए दिन उपचार, दवाइयों और जरूरी जांच सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है। कहीं डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी सामने आती है तो कहीं जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को बाजार से दवा खरीदनी पड़ती है।
गंभीर स्थिति में मरीजों को जिला अस्पतालों से मेडिकल कॉलेजों या दूसरे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफर किया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ता है। कई बार तो इस दौरान मरीज की मौत भी हो जाती है। ताजा मामला कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी अस्पताल से सामने आया है।
ज्वालामुखी अस्पताल में प्रसव के बाद एक 23 वर्षीय महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने और बाद में टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो जाने से मामला गरमा गया है। महिला ने ज्वालामुखी अस्पताल में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया था।

प्रसव के लगभग एक घंटे बाद उसे अचानक अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। इस दौरान परिजनों ने नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और अगर उपचार में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय त्रिकला देवी के रूप में हुई है- जो कि तरीड़ी (मझीन) की रहने वाली थी। त्रिकला देवी की शादी करीब दो वर्ष पहले दीपक डोगरा के साथ हुई थी। दीपक दिहाड़ी मजदूरी करता है और परिवार का बड़ा बेटा है। परिवार को उम्मीद थी कि बच्चे के जन्म के बाद घर में खुशियां आएंगी। मगर त्रिकला की मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार त्रिकला देवी को बुधवार सुबह करीब 5 बजे प्रसव के लिए ज्वालामुखी अस्पताल लाया गया था। दिनभर चिकित्सकीय निगरानी के बाद शाम करीब साढ़े 3 बजे उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही देर बाद परिस्थितियां अचानक बदल गईं।

परिजनों का कहना है कि डिलीवरी के लगभग एक घंटे बाद महिला को अचानक काफी अधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब प्रसव के बाद महिला की स्थिति गंभीर होती जा रही थी तो उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए कब रेफर किया गया और उससे पहले अस्पताल में किस तरह का उपचार किया गया।
परिजनों का आरोप है कि महिला को काफी रक्तस्राव होने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। उनका कहना है कि अगर स्थिति पहले ही गंभीर थी और ज्वालामुखी अस्पताल में आवश्यक उपचार की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं थी- तो महिला को बिना समय गंवाए उच्च संस्थान भेजा जाना चाहिए था।
वहीं, ज्वालामुखी अस्पताल के बीएमओ डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि महिला की डिलीवरी अस्पताल में शाम करीब साढ़े 3 बजे हुई थी। डिलीवरी के बाद उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया था। करीब एक घंटे बाद अचानक महिला को काफी अधिक ब्लीडिंग शुरू हो गई। चिकित्सकीय भाषा में प्रसव के बाद होने वाले इस तरह के अत्यधिक रक्तस्राव को पोस्टपार्टम हैमरेज कहा जाता है।
महिला की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने तत्काल स्थिति को संभालने तथा रक्तस्राव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए। इसके बाद महिला को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया। महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि महिला के परिजन अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत भी ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की उचित जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा परिजनों को दिया गया है।
शर्मा ने कहा कि पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच में प्रसव के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारणों के साथ-साथ अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा रिकॉर्ड और उसे दिए गए उपचार की भी समीक्षा की जाएगी।
त्रिकला की मौत के बाद पति व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार अब पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि अगर उपचार या रेफर करने में किसी स्तर पर लापरवाही हुई है- तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले को लेकर SP देहरा संदीप धवल ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों तथा उपचार के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।