ऊना। हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर आज बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब प्रदेश के ऊना जिले में पंजाब के विभिन्न संगठनों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। गढ़शंकर मोड़ बैरियर पर सुबह से ही धरना-प्रदर्शन जारी है, जहां प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल में लागू एंट्री फीस को पूरी तरह समाप्त करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का सीधा असर आम लोगों पर

बतौर रिपोर्टर्स, प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी तेज रही। “इंकलाब जिंदाबाद” और “पंजाब-हिमाचल भाईचारा जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ-साथ  यारियां निभाण वाले पंजाब दे दल्ले लीडर मुर्दाबाद और सुक्खू दी माड़ी हुक्मरान कांग्रेस सरकार मुर्दाबाद के नारे भी गूंजे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : इस महीने राशन डिपुओं पर मिलेगा ज्यादा आटा

इससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रदर्शन का सीधा असर आम लोगों पर पड़ा, क्योंकि बैरियर पर लंबा जाम लग गया। सुबह से सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिनमें मरीज, स्कूली बच्चे और नौकरीपेशा लोग शामिल थे। कई लोग समय पर अस्पताल तक नहीं पहुंच सके, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।

प्रदर्शनकारियों ने कर दिया चक्का जाम

जाम के चलते HRTC की करीब दस बसें भी रास्ते में फंस गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, रूपनगर-नलगढ़ रोड के ढेरोंवाल बैरियर पर भी प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम कर दिया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।

यह भी पढ़ें : सैल्यूट हिमाचल पुलिस : सतलुज में कूदी महिला, उफनती लहरों के बीच से बचा लाया जवान

हालांकि आपातकालीन सेवाओं को आंशिक राहत दी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स को कम नहीं करती या पुरानी दरों पर वापस नहीं लाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन और पुलिस ने मोर्चा संभाला

इस बीच, प्रशासन और पुलिस ने हालात को संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से कई बदलाव : बिना HIM कार्ड के बसों में लगेगा पूरा किराया, बिजली मिलेगी सस्ती

लाल बत्ती चौक से भारी वाहनों को मैहतपुर की बजाय संतोषगढ़ की ओर भेजा जा रहा है। वहीं, मैहतपुर और बथड़ी क्षेत्र में भी प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी बनी हुई है।

वैकल्पिक मार्ग किए गए तय

एडीसी महिंद्र पाल गुर्जर के अनुसार, यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। नंगल-ऊना मार्ग पर वाहनों को अजोली मोड़, संतोषगढ़ और नगरां के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। इसके अलावा हिमाचल से पंजाब जाने वाले वाहनों को भटोली मार्ग से निकाला जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।