बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के बीच बिलासपुर जिले की श्री नयना देवी जी विकास खंड की ग्राम पंचायत टाहली से बड़ा मामला सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत के प्रधान पद का चुनाव रद्द कर दिया है। आयोग ने यह कार्रवाई दो महिला उम्मीदवारों द्वारा अपनी सरकारी नौकरी संबंधी जानकारी छिपाने के आरोपों के बाद की है। इस फैसले के बाद पंचायत क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
नौकरी से जुड़ी जानकारी छिपाई
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ग्राम पंचायत टाहली में प्रधान पद के लिए कमलेश पत्नी राम कृष्ण और मीरा देवी पत्नी जय पाल चुनाव मैदान में थीं। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सामने आया कि कमलेश मिड-डे मील वर्कर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि मीरा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। आरोप है कि दोनों उम्मीदवारों ने नामांकन भरते समय अपनी नौकरी से जुड़ी जानकारी छिपाई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल BREAKING: कर्मियों की बड़ी लापरवाही, बैलेट पेपर पर BDC उम्मीदवार का नाम ही नहीं, चुनाव टले
नामांकन जांच प्रक्रिया प्रभावित होने पर कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर द्वारा आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में इस पूरे मामले का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया और पाया कि तथ्य छिपाने के कारण नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई है। आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रधान पद का चुनाव रद्द करने का फैसला लिया।
आयोग ने माना अयोग्य
आयोग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि पंचायती राज विभाग द्वारा 21 मई 2024 को जारी स्पष्टीकरण के अनुसार मिड-डे मील वर्कर हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 122(1)(जी) के तहत पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य श्रेणी में आते हैं। वहीं राज्य चुनाव आयोग के वर्ष 2010 और 2011 के दिशा-निर्देशों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी पंचायत और नगर निकाय चुनाव लड़ने से अयोग्य माना गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के ड्राइवर का अंबाला में म*र्डर : दो मासूमों ने खोया पिता, बूढ़े मां-बाप से छिन गया सहारा
मतपत्र और दस्तावेज सील करने के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि प्रधान पद से जुड़े सभी नामांकन पत्र, दस्तावेज और मतपत्र सील कर सुरक्षित रखे जाएं। मतदान दलों को जारी किए गए सभी बैलेट पेपर वापस लेने के आदेश भी दिए गए हैं। साथ ही डाले गए डाक मतपत्रों को भी सील कर सुरक्षित रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- सांसद अनुराग ठाकुर ने बढ़ाया हिमाचल का मान : दूसरी बार मिला संसद रत्न सम्मान, हुए गदगद
लाउडस्पीकर से दी जाएगी जानकारी
आयोग ने पंचायत क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि लोगों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले। लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से मतदाताओं को चुनाव रद्द होने की सूचना दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू में HP नंबर की गाड़ी से 8 वर्षीय लड़की का अपह.रण : जबरन वाहन में बैठाया- इलाके में दहशत
अन्य पदों के चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत टाहली में केवल प्रधान पद का चुनाव रद्द किया गया है। पंचायत के अन्य सभी पदों के चुनाव पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराए जाएंगे।
