शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र के गांव थिआरा के रहने वाले आदित्य झगटा का चयन हिमाचल प्रदेश की सब जूनियर कबड्डी टीम में हुआ है। बताते चलें कि आदित्य अब आगामी राष्ट्रस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कबड्डी हॉस्टल बिलासपुर से ले रहे प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार. आदित्य झगटा वर्तमान में हिमाचल कबड्डी हॉस्टल बिलासपुर में कबड्डी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। आदित्य ने अपने खेल जीवन में कई कठिनाइयों को पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक चल पड़ी खड़ी स्कूल बस- छात्र ने साहस दिखा लगाई ब्रेक- बचाई 40 जिंदगियां
नेरवा से पढ़ा है आदित्य
आदित्य झगटा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नेरवा उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की है। आदित्य का कहना है कि विद्यालय में अध्ययन के साथ-साथ खेलों में भी उन्हें हमेशा प्रेरणा मिली। वह अपने विद्यालय के शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने उन्हें कबड्डी के क्षेत्र में प्रोत्साहित किया और खेल के प्रति उनके उत्साह को और बढ़ावा दिया।
माता-पिता दोनों शिक्षक
आदित्य के माता-पिता दोनों शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनके माता-पिता का भी आदित्य के खेल करियर में अहम योगदान रहा है। आदित्य ने बताया कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें अपनी पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाने के लिए प्रेरित किया है और उनके संघर्ष को पहचानते हुए उन्हें हमेशा सहारा दिया है। आदित्य की सफलता में उनके माता-पिता का मार्गदर्शन और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की गोबर गारंटी फेल: ढाई साल में खरीद पाई बस इतना गोबर
कबड्डी में आदित्य की विशेष पहचान
आदित्य के इस चयन ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे नेरवा क्षेत्र को गर्व महसूस कराया है। उनके दोस्तों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने उन्हें बधाई दी और इस सफलता के लिए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी है। आदित्य का कहना है कि वह अपनी मेहनत और लगन से भविष्य में और भी बड़ी सफलताएं हासिल करने की कोशिश करेंगे और खेल के साथ-साथ अपने राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
