पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के वीर जवान एक बार फिर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सीमाओं पर फौलाद की तरह डटे हिमाचली सैनिक दुश्मनों का डटकर सामना करते हैं और अपनी बहादुरी से नई मिसाल कायम करते हैं। ऐसे ही साहस और शौर्य का परिचय देते हुए कांगड़ा जिला के पालमपुर के सुग्गर क्षेत्र के निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल ठाकुर को आतंकवाद के खिलाफ एक सफल अभियान में वीरता दिखाने पर सेना मेडल से सम्मानित किया गया है।

ऊधमपुर में मिला सम्मान, बढ़ा हिमाचल का मान

शनिवार को ऊधमपुर में आयोजित एक सैन्य समारोह के दौरान नॉर्दर्न कमांड के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक कुमार ने लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल ठाकुर को यह प्रतिष्ठित सेना मेडल प्रदान किया। इस सम्मान से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में गर्व का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबा हिमाचल... सुक्खू सरकार ने विज्ञापनों पर लुटा दिए करोड़ों रुपए, बजट सत्र में खुलासा

दुर्गम जंगलों में दिखाया अदम्य साहस

लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल ठाकुर को यह सम्मान जम्मू-कश्मीर के घने और दुर्गम जंगलों में चलाए गए एक बड़े आतंकवाद रोधी अभियान में असाधारण वीरता दिखाने के लिए दिया गया। 15 जुलाई 2024 को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसकी कमान निखिल ठाकुर ने संभाली।

आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई

ऑपरेशन के दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना 3 आतंकियों का पीछा किया और मुठभेड़ में उन्हें मार गिराया। उनके नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कई खूंखार आतंकवादी ढेर किए गए] जिससे क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें : नया पद मिलते ही नीरज भारती ने किया 'धमाका', आभार संदेश से CM का नाम गायब, वजह भी बताई

कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व का शानदार उदाहरण

लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल ठाकुर ने न सिर्फ बहादुरी दिखाई, बल्कि कठिन परिस्थितियों में बेहतरीन नेतृत्व क्षमता का भी परिचय दिया। उनकी सूझबूझ और रणनीति के चलते ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ, जिसे सेना ने विशेष रूप से सराहा।

परिवार और क्षेत्र में गर्व का माहौल

निखिल ठाकुर, डॉ. तरसेम ठाकुर के पुत्र हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके इस सम्मान से पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें