चंबा। हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र चंबा की एक छात्रा ने अपने विज्ञान मॉडल से इतिहास रच दिया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा की 12वीं कक्षा की छात्रा कृतिका का चयन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जापान जाने के लिए हुआ है। कृतिका 17 अगस्त को जापान रवाना होंगी और वहां एक सप्ताह तक तकनीकी प्रशिक्षण लेंगी।

बिटिया ने बनाई कमाल की व्हीलचेयर 

कृतिका ने विज्ञान प्रदर्शनी में राइज ऑफ द डिवाइन बॉडी नाम से एक विशेष व्हील चेयर मॉडल प्रस्तुत किया। यह चेयर विशेष रूप से दिव्यांग छात्रों के लिए बनाई गई है, जिसमें बैठकर वे स्कूल जाने, आराम करने, शौचालय उपयोग करने जैसी सभी दैनिक गतिविधियां बिना किसी सहायता के कर सकते हैं। इस चेयर में कई मैकेनिकल फीचर्स जोड़े गए हैं, जो इसे मल्टीपर्पज और स्वायत्त बनाते हैं।

 

यह भी पढ़ें : केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल पर फोकस तेज : अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में बुलाई बैठक, बोले- जल्द बने भवन

SCERT प्रदर्शनी में पाया पहला स्थान

यह मॉडल एससीईआरटी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में पहले स्थान पर रहा, जिसके बाद इसे दिल्ली में नॉमिनेशन के लिए भेजा गया। वहीं से कृतिका का चयन जापान में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग के लिए हुआ। यह पहला मौका है जब चंबा जिले के किसी छात्र का चयन विज्ञान मॉडल के दम पर इस स्तर पर हुआ हो।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सराज में 27 अभी भी लापता, सेना और NDRF की टीमें वापस लौटी- अब ये संभालेंगे जिम्मा

अब जापान जाएगी कृतिका

कृतिका के इस सफर में उनके गाइड शिक्षक शिवम पुरी का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने तकनीकी सुझावों और निरंतर मार्गदर्शन से छात्रा की रचना को साकार रूप दिया। स्कूल प्रशासन और स्थानीय समुदाय में कृतिका की उपलब्धि पर गर्व और उत्साह का माहौल है। बता दें कि अपने स्कूल से कृतिका पहली छात्रा है जो जापान जाएगी। वहीं, उनकी जापान यात्रा को लेकर परिवारजन भी काफी उत्सुक हैं। 

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।