#विविध
July 23, 2025
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल पर फोकस तेज : अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में बुलाई बैठक, बोले- जल्द बने भवन
अनुराग बोले- 16 साल बाद भी अस्थायी भवन में चल रही है पढ़ाई
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से निर्माणाधीन देहरा स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर को लेकर एक बार फिर हलचल तेज़ हो गई है। मंगलवार को हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की समीक्षा की।
बैठक के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और हिमाचल की शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए यह विश्वविद्यालय एक बेहद अहम प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में इसकी स्वीकृति मिल चुकी थी, लेकिन 16 साल बीतने के बाद भी यह संस्थान अभी तक किराये के भवनों में संचालित हो रहा है, जो शिक्षा की गुणवत्ता के साथ अन्याय है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सराज में 27 अभी भी लापता, सेना और NDRF की टीमें वापस लौटी- अब ये संभालेंगे जिम्मा
अनुराग ठाकुर ने इस देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भूमि हस्तांतरण में सुस्ती, फॉरेस्ट क्लीयरेंस न मिलना और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनुपलब्धता छात्रों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता बेहद चिंताजनक है और यदि समय रहते इन मुद्दों को हल नहीं किया गया तो छात्र और क्षेत्र दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बेरोजगारों को राहत: जॉब ट्रेनी स्कीम नहीं पुराने नियमों से ही होंगी ये भर्तियां
अनुराग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं, इसी वजह से 250 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शिव भक्त कृतिका ने 750 KM पैदल चल लाया गंगाजल, बनीं पहली महिला कांवड़ यात्री
सांसद ने जानकारी दी कि उन्होंने CPWD के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस वर्ष के अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए और 2,500 से अधिक छात्रों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएं।