कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से दिवाली की रात एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, जहां बच्चे नए कपड़ों, मिठाइयों और पटाखों के बीच अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे, उसी घर में कुछ ही देर बाद चीख-पुकार मच गई। तीन मासूम बच्चे दरवाजे पर पिता की राह देखते रह गए, लेकिन पिता घर नहीं लौटे। उनके आने से पहले ही परिवार तक उनकी मौत की खबर पहुंच गई। दीपावली की रात खुशियों से रोशन घर में ऐसा अंधेरा छाया कि अब परिवार के लिए हर त्योहार एक दर्दनाक याद बनकर रह जाएगा।
बाजार से सामान लेने गए व्यक्ति के साथ हो गया हादसा
यह दर्दनाक हादसा नूरपुर पुलिस जिला के भदरोआ क्षेत्र में पेश आया। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 43 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव गगवाल, डाकघर भदरोआ, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजकुमार दीपावली के मौके पर घर के लिए मिठाइयां और पटाखे लेकर पहुंचे थे। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटने के बाद वह कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए दोबारा बाइक पर बाजार चले गए। किसी को क्या पता था कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मौसम देगा दिवाली तोहफा! बर्फ की बिछेगी सफेद चादर- जानें कबसे
काल बनकर आया अज्ञात वाहन
बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजकर 32 मिनट पर भदरोआ में सीएस पठानिया होटल के नजदीक राजकुमार की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। त्योहार की रात हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस समय लोग दीप जलाकर खुशियां मना रहे थे, उसी समय एक परिवार की जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
सीसीटीवी में नजर आई संदिग्ध कार
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध हुंडई आई-20 कार फुटेज में दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, कैमरे में कार का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। ऐसे में पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि वाहन का नंबर और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना वास्तव में इसी कार से हुई थी या किसी अन्य वाहन की इसमें भूमिका रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आँगन में बेटे की अर्थी देख बेसुध हुई मां, चंद घंटों में छोड़ गई दुनिया
एसपी इल्मा अफरोज ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर इल्मा अफरोज ने भी इसका संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना में शामिल वाहन का जल्द से जल्द पता लगाने और फरार चालक की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है। अब पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द संदिग्ध वाहन और उसके चालक तक पहुंचकर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
एक बेटा और दो बेटियां ने खो दिया पिता
राजकुमार अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। इनमें एक बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत ने परिजनों के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। जिन बच्चों को अपने पिता के साथ दीपावली मनानी थी, अब उन्हें जीवनभर पिता के बिना ही आगे बढ़ना होगा। इस घटना ने परिवार से न केवल उसका सहारा छीना है, बल्कि बच्चों के सिर से पिता का प्यार और सुरक्षा भी छीन ली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी निहारिका का विदेश में जलवा, ब्रॉन्ज मेडल जीत बढ़ाया देश का मान
परिजनों ने सरकार और प्रशासन से लगाई गुहार
हादसे के बाद पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन से परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए परिवार को आर्थिक मदद मिलनी बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा शव
पुलिस ने मृतक राजकुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है। दीपावली की रात जिस घर में रोशनी और खुशियों का इंतजार था, वहां अब सिर्फ आंसू और यादें रह गई हैं। तीन बच्चों की आंखें शायद अब भी अपने पिता को ढूंढ रही होंगी, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।
