शिमला/उत्तराखंड। पहाड़ी राज्यों में आए दिन हो रहे सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते रोज ही राजधानी शिमला के रामपुर में एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। अब एक इससे भी भयानक हादसा हिमाचल के ही पड़ोसी और पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में हुआ है। यहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गईए जबकि 27 यात्री घायल हो गए। बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख.पुकार मच गई।

गहरी खाई में गिरी बस 

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे गूलर चौकी के जरिए मुनिकीरेती थाने को बस हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि यात्रियों से भरी एक बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके अलावा शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवानों की टीम भी बचाव अभियान में जुट गई।

 

यह भी पढ़ें : 'हिमाचल ऑन सेल' पर सदन में हंगामा: जयराम ठाकुर और मुकेश अग्निहोत्री में जमकर हुई तकरार

एक घंटे में 27 घायलों को निकाला, अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस के अलावा स्थानीय और निजी अस्पतालों की एंबुलेंस भी बुलाई गईं। एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस ने भी मदद की। पुलिस और बचाव दलों ने मुश्किल हालात में रेस्क्यू अभियान चलाकर 27 यात्रियों को बस से बाहर निकाला और एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हादसे के करीब एक घंटे के भीतर घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम पूरा कर लिया गया। वहीं, सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर निकली थी बस

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। बस को 48 वर्षीय राजेंद्र सिंह चला रहे थे, जो रुद्रप्रयाग जिले के क्यूरी पोखरी के रहने वाले थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। हादसे में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी की भी मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो' BJP का बैनर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को घेरा

पांच मृतकों की हुई पहचान, चार की शिनाख्त बाकी

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें विक्की (37) निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), पुन्नू (55) निवासी मैखंडी, टिहरी गढ़वाल, राज राय निवासी जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), बस चालक राजेंद्र सिंह (48) निवासी रुद्रप्रयाग और परिचालक अनुज भंडारी (27) निवासी शिवपुरी, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। वहीं, बाकी चार मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

तीन साल की बच्ची समेत 27 यात्री घायल

इस हादसे में घायल हुए यात्रियों में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोग भी शामिल हैं। पुलिस की सूची में मोहम्मद वहाब अंसारी, राहुल कुमार, अभिषेक, प्रत्यूष, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू, आयरा, नूर जहां, राजकुमार, जतिन, पंकज नेगी, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, सागर, खुशी भट्ट, नवीन, परेश मराठी, आसापंथ, पंकज कांडपाल, अंजू, आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह और रामा प्रसाद घोष समेत अन्य घायलों के नाम शामिल हैं। घायलों में तीन साल की बच्ची आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी हैं। सभी का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से लौट रहे पंजाबी श्रद्धालुओं की पिकअप टिप्पर से टकराई, तीन की मौके पर मौ**त

हादसे के कारणों की जांच शुरू

दुर्घटना के बाद पुलिस ने बस में सवार यात्रियों का सामान सुरक्षित इकट्ठा कर गूलर चौकी में रखवा दिया है, ताकि उनके परिजनों को सामान सौंपा जा सके। वहीं, बस आखिर किस वजह से अनियंत्रित होकर नदी में गिरी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शिमला में तीन लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रामपुर में सोमवार अल सुबह करीब तीन बजे एक कार गहरी खाई में जा गिरी थी। यह हादसा  रामपुर बुशहर के रामपुर.गौरा सड़क पर बारसान मोड़ पर हुआ था। हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित पांच लोग सवार थे, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे। तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे।