कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। भड़ोली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से 11 वर्षीय एक स्कूली छात्र की मौत हो गई।

तेज रफ्तार कार ने कुचला मासूम

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा अपनी मां के साथ स्कूल से बाहर निकल रहा था। उसकी मां उसे स्कूल में दाखिला दिलाने के बाद वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गति से आई कार ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज फिर तेज तूफान-ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों-बागवानों की बढ़ेंगी मुश्किलें

11 साल के लड़के की मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि रिश्व गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे नागरिक अस्पताल ज्वालामुखी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कार चालक के खिलाफ केस दर्ज

मृतक की पहचान रिश्व के रूप में हुई है- जो अधवाणी क्षेत्र के धनोट गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की मां सुलोचना देवी की शिकायत के आधार पर धर्मशाला के खनियारा निवासी कार चालक आशीष कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 16 साल की लड़की को युवक ने किया प्रेग्नेंट, अब बेटी को दिया जन्म- खोज में पुलिस

परिवार का रो-रो कर बुरा हाल

इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस टीम द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेजा गया है। इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें