शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में मंगलवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। उपमंडल रोहडू के चिरगांव के पास स्थित लंबा खाटल में एक कार के पब्बर नदी में गिर जाने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चारों युवक रोडू के स्थानीय लैला मेला देखकर अपने घरों की ओर लौट रहे थे।
फिसलकर नदी में समाई कार
कार जैसे ही लंबा खाटल के समीप पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जाकर पब्बर नदी में गिर गई। तेज रफ्तार और अंधेरे में ढलान वाली सड़क पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ये सभी कॉलेज स्टूडेंट थे। वहीं, जानकारी मिली है कि ये चारों युवक मेले से घर की ओर लौट रहे थे। शाम का समय था और अंधेरे के कारण ये हादसा पेश आया है।
तीन युवाओं की मौके पर ही मौत, एक युवक बचा
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- विशाल ठाकुर पुत्र बलवान ठाकुर, निवासी मुंछाडा
- हिमांशु पुत्र सुधीर, निवासी मुंछाडा
- अभय खंदीयाण पुत्र विश्वनाथ, निवासी ढाक गांव
यह भी पढ़ें : किन्नर कैलाश यात्रा पर लगी रोक, जानिए अब कब बोले बाबा के दर्शन कर पाएंगे श्रद्धालु
घटना में हर्ष चौहान पुत्र राजकुमार, निवासी मुंछाडा घायल अवस्था में बच गया है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। शवों को नदी से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस थाना रोडू से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक तरफा प्यार में पड़ा बाबा, युवती की छीनी जिंदगी- डेरे के पीछे गाड़ दी देह
एसएचओ अमित शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक तौर पर यह हादसा तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोने के कारण हुआ माना जा रहा है।
गांवों में मातम, हर आंख नम
तीनों मृतक युवक स्थानीय गांवों के थे और सामाजिक रूप से सक्रिय माने जाते थे। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
