कांगड़ा। कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र में भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे 11वीं कक्षा के एक छात्र के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पर दौड़ लगाने के दौरान अचानक एक लावारिस सांड ने छात्र पर हमला कर दिया।
11वीं के छात्र पर आवारा सांड ने किया हमला
हमले में सांड का सींग छात्र के सीने में जा घुसा, जिससे उसकी सांस की नली को गंभीर चोट पहुंची। हालत गंभीर होने के कारण छात्र को पहले जवाली अस्पताल, फिर टांडा मेडिकल कॉलेज और आखिर में पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। पीजीआई में डॉक्टरों ने छात्र की सर्जरी की है और वह फिलहाल आईसीयू में उपचाराधीन बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आजादी के बाद भी सड़क से दूर हैं हिमाचल के ये गांव : देह पहुंचाना भी कठिन, हजारों लोग परेशान
PGI में चल रहा इलाज
घायल छात्र की पहचान मावा-कुठेड़ निवासी सुमित कुमार के तौर पर हुई है। सुमित पलोहड़ा स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। इसके साथ ही वह भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए एक अकादमी से भी जुड़ा हुआ है। परीक्षा की तैयारी के तहत वह नियमित रूप से दौड़ लगाने का अभ्यास कर रहा था।
सड़क पर दौड़ते समय अचानक हुआ हमला
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे सुमित दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। वह फरियां पंचायत के काठू मोहल्ला के पास सड़क पर दौड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक लावारिस सांड ने अचानक उसकी तरफ दौड़कर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के शौर्यन को GOOGLE में मिली नौकरी: सालाना 50 लाख का पैकेज, परिवार में खुशी
सीने में घुसा सींग
सांड के सींग की जोरदार टक्कर से सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। एक सींग उसके सीने में घुस गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। हादसे के बाद घायल छात्र कुछ समय तक सड़क पर ही पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसकी मदद की।
राहगीर ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
कड़ियाल निवासी सुनील गुलेरिया ने घायल छात्र को सड़क पर देखा तो वह मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बिना समय गंवाए सुमित को अपनी गाड़ी में बैठाया और नागरिक अस्पताल जवाली पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू की विधानसभा में 10 करोड़ का स्कैम, विजिलेंस तक पहुंची शिकायत- पूर्व सचिव पर आरोप
सांस लेने में परेशानी
अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र का प्राथमिक उपचार शुरू किया। सांस लेने में परेशानी को देखते हुए उसके गले में नली डालकर श्वसन प्रक्रिया को बनाए रखने की कोशिश की गई। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
टांडा से PGI चंडीगढ़ भेजा गया
सुमित के पिता प्रवीण कुमार के अनुसार सांड के हमले में उनके बेटे की सांस की नली को काफी नुकसान पहुंचा है। टांडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसकी हालत पर नजर रखी, लेकिन स्थिति गंभीर बनी रहने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बदलेगा बिजली बिल भरने का तरीका- UPI और WhatsApp से भी कर सकेंगे पेमेंट
डॉक्टरों की निगरानी में सुमित
परिजन सुमित को लेकर चंडीगढ़ पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी सर्जरी की। परिवार के मुताबिक ऑपरेशन के बाद भी छात्र को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और फिलहाल वह आईसीयू में उपचार ले रहा है।
आवारा पशुओं को लेकर फिर उठे सवाल
सुमित के साथ हुए हादसे ने क्षेत्र में लावारिस पशुओं की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सड़क पर दौड़ लगाने के दौरान अचानक हुए हमले से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार को इलाज के लिए उसे अलग-अलग अस्पतालों में ले जाना पड़ा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की सड़कों पर दौड़ेंगी 350 नई बसें- पुरानी होंगी बेड़े से बाहर, कल लिया जाएगा फैसला
गहरे सदमे में परिजन
हादसे से परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। परिजन इस समय सुमित के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर आवारा पशुओं को लेकर सुरक्षा और उनके प्रबंधन की व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
