ऊना। एक पल की लापरवाही और सड़क पर चलती जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। हिमाचल प्रदेश के ऊना-नंगल नेशनल हाईवे पर रविवार को जो हुआ, उसने हर गुजरने वाले को झकझोर दिया। घर लौटने की राह पर निकला एक व्यक्ति अचानक ऐसी दुर्घटना का शिकार हुआ, जिसने परिवार को कभी न भरने वाला घाव दे दिया।
अचानक खुला दरवाजा, बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार यह हादसा ऊना-नंगल नेशनल हाईवे पर गांव देहलां के समीप हुआ। मृतक की पहचान संझोट निवासी मक्खन लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी मोटरसाइकिल पर मैहतपुर की ओर जा रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज- ऊंचे इलाकों में आज बर्फबारी के आसार, जानें इस हफ्ते का अपडेट
जैसे ही वह देहलां के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़ी एक कार के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक दरवाजा खोल दिया। बाइक सवार सीधे दरवाजे से टकराया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बीच जा गिरा।
बस के पिछले टायर के नीचे आया बाइक सवार
दुर्भाग्यवश उसी समय वहां से गुजर रही पंजाब रोडवेज की बस का पिछला टायर उसके ऊपर से गुजर गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेहड़ी की आड़ में चला रहा था चिट्टे का धंधा, पुलिस ने बस अड्डे से दबोचा तस्कर
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच जारी, लापरवाही पर उठे सवाल
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। यह हादसा सड़क सुरक्षा को लेकर एक गंभीर चेतावनी है। अक्सर वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने के बाद दरवाजा खोलते समय पीछे से आ रहे वाहनों का ध्यान नहीं रखते। ऊना-नंगल हाईवे पर बढ़ती यातायात आवाजाही के बीच इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। एक छोटी सी सावधानी शायद एक जिंदगी बचा सकती थी।
