शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू में बुधवार सुबह पब्बर नदी में नहाने उतरे दो किशोरों के साथ दुखद हादसा हुआ। यहां स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चे नहाने के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में डूब गए।

गहरे पानी में डूबे दो किशोर

इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है, जबकि अब शिमला से NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के जवान का ऑन ड्यूटी निधन- दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, आज घर पहुंचेगी देह

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी बुधवार सुबह पब्बर नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान दोनों नदी के गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।

लोगों ने पुलिस की दो खबर

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें- 40 हजार KM पैदल चल मणिमहेश पहुंचा श्रद्धालु, पिछले 2 सालों से लगातार जारी है सफर

स्थानीय स्तर पर तलाश के बाद NDRF को बुलाया

पुलिस और प्रशासन की टीमों ने नदी के आसपास संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद सर्च ऑपरेशन को और व्यापक बनाने के लिए शिमला से NDRF की टीम को रोहड़ू बुलाया गया है। NDRF के जवान नदी में संभावित स्थानों पर दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दोनों रोहड़ू स्कूल के छात्र

शिवेन रोशन और सक्षम दोनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ते हैं। हादसे की सूचना जैसे ही उनके परिवारों को मिली, घर में कोहराम मच गया। वहीं, दोनों किशोरों के नदी में डूबने की खबर से स्कूल परिवार और पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। परिजन अपने बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं और सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ा पियूष, बाइक पर निकला था ग्राहक को चिट्टा बेचने

SDM बोले- तलाश अभियान जारी

SDM रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है। शिमला से NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

नदी का बहाव बना बाधा

फिलहाल प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता दोनों किशोरों का पता लगाना है। नदी का बहाव और गहराई सर्च ऑपरेशन में चुनौती बनी हुई है। टीमों की ओर से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है।