चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी हृदयविदारक खबर सामने आई है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। एक तरफ जहां रिश्तेदार की शादी को लेकर घर में उत्साह का माहौल था, वहीं दूसरी ओर नियति ने कुछ और ही खेल रचा रखा था। चंबा के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके परिवार का मुखिया एक शादी समारोह से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। 

शादी समारोह से लौट रहा था शख्स

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चमन लाल (55) निवासी गांव चेहली डाकघर कोहलड़ी जिला चंबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चमन लाल 10 मई को अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। परिवार के लोग उनकी वापसी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

बीच रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा

बताया जा रहा है कि शादी समारोह से वापस घर लौटते समय कुन्हा नामक स्थान पर अचानक चमन लाल का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह बुरी तरह गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

परिवार ने किसी पर नहीं जताया शक

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज चंबा में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया।

गांव में पसरा शोक

चमन लाल की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक बेहद मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और क्षेत्र में उसकी अच्छी पहचान थी। मामले की पुष्टि करते हुए विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें