नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश घूमने आए गुजरात के एक परिवार के लिए यह सफर जिंदगी भर का ऐसा गम दे गया, जिसे शायद उनके अपने कभी भूल नहीं पाएंगे। मंगलवार को चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट में उस समय माहौल बेहद गमगीन हो गया] जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के एक ही परिवार के पांच सदस्यों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। श्मशानघाट में एक साथ उठीं पांच अर्थियों और रोते-बिलखते परिजनों का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। हर आंख नम थी और माहौल पूरी तरह शोक में डूबा नजर आया।

चामुंडा श्मशानघाट में अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार चंबा सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात निवासी सिंधी परिवार के पांच सदस्यों के शवों का मंगलवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शवों को एंबुलेंस के माध्यम से चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट लाया गया, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गुजरात के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौ*त, मंडी का चालक भी नहीं बचा; 4 घायल 

 

बताया जा रहा है कि तीन शवों का अंतिम संस्कार लकड़ियों से जबकि दो शवों का संस्कार गैस भट्ठी में किया गया। अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट कमेटी और शनि सेवा सदन कांगड़ा द्वारा करवाई गईं। श्मशानघाट कमेटी के संयोजक केवल सोनी और प्रधान रमेश चौधरी ने बताया कि संस्कार के लिए पंडित, लकड़ी और गैस भट्ठी समेत सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे।

हिमाचल घूमने आया था परिवार

दरअसल यह दर्दनाक हादसा चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुनुहट्टी के समीप काकीरा घार में हुआ था। गुजरात के भावनगर जिले से आया एक परिवार हिमाचल की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने पहुंचा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बताया जा रहा है कि इनोवा टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिजली-पानी के बिना टूटा महिला का सब्र, बच्चों संग DC ऑफिस पहुंच दी आ*त्मदा.ह की चेतावनी

एक झटके में उजड़ गया परिवार

इस दर्दनाक हादसे में गुजरात निवासी ललितभाई पतनानी, ममताबेन, प्रियंक, काजल और मासूम दियान्श की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के जोगिंदरनगर निवासी टैक्सी चालक जसवंत कुमार ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। 

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

चार घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार

हादसे में परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में मयंक पतनानी, फोरमबेन, जियान्श और मासूम प्रियान्शी शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें