सोलन। हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे हिमाचल प्रदेश के बद्दी में रहने वाले दो युवकों के साथ शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर-पंचकूला हाईवे पर यमुनानगर-अंबाला सीमा के पास थाना छप्पर से आगे संगम ढाबे के पास उनकी स्पोर्ट्स बाइक सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा गई।

ट्रक से टकराई बाइक

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : राजेश ने पढ़ने भेजा था बेटा, किराए के कमरे में पड़ी मिली देह-सदमे में पूरा परिवार

हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे हिमाचल

मृतक की पहचान 28 वर्षीय ज्ञानेंद्र कुमार के रूप में हुई है। ज्ञानेंद्र हिमाचल प्रदेश के बद्दी में रहकर एक कंपनी में नौकरी करते थे। हादसे में घायल युवक की पहचान जितेश कुमार के रूप में हुई है। वह भी बद्दी में नौकरी करता है। दोनों युवक कांवड़ लेने के लिए बाइक से बद्दी से हरिद्वार के लिए निकले थे।

लकड़ी से लदे ट्रक से हुई टक्कर

जानकारी के अनुसार, ज्ञानेंद्र कुमार और जितेश कुमार शनिवार को बाइक पर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। देर रात जब दोनों सहारनपुर-पंचकूला हाईवे पर थाना छप्पर से आगे संगम ढाबे के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की ये पंचायत बनी मिसाल- शादी में शराब न परोसने पर मिलेगा 11 हजार शगुन

एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अंबाला के मुलाना थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को संभाला, लेकिन तब तक ज्ञानेंद्र कुमार की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल जितेश कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हाईवे वन-वे होने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया था और कुछ हिस्से में यातायात वन-वे किया गया था। इसी दौरान बाइक और ट्रक आमने-सामने आ गए। कांवड़ियों की ओर से आरोप लगाया गया है कि लकड़ी से लदा ट्रक गलत दिशा में आ रहा था- जिसके चलते यह हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर भारी बारिश का अलर्ट : आज से 5 दिन बरसेंगे बादल, भूस्खलन का भी खतरा

हादसे के कारणों की जांच

फिलहाल, पुलिस अभी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, हिमाचल नंबर की अपाचे स्पोर्ट्स बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने कब्जे में लिया ट्रक

मुलाना थाना के जांच अधिकारी छतर पाल ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरे युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें