बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद अब लगातार भूस्खलन हो रहे हैं। इन भूस्खलनों में कई लोगों की जान जा रही है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला भूस्खलन हिमाचल के बिलासपुर जिला में हुआ। यहां खोदाई के काम में लगी एक JCB मशीन पर अचानक भारी.भरकम भूस्खलन हो गया। देखते ही देखते पहाड़ी से मिट्टी और चट्टानों का मलबा मशीन पर आ गिरा और JCB पर सवार ऑपरेटर व हेल्पर मलबे के नीचे दब गए।
यह हादसा बिलासपुर जिला में मंगलवार को भराड़ी क्षेत्र के लदरौर बाजार में हुआ है। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा.तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
खोदाई के दौरान अचानक बरसा पहाड़ का मलबा
जानकारी के अनुसार लदरौर बाजार में मंगलवार को JCB मशीन से जमीन की खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी की तरफ से अचानक मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थरों के साथ भारी मलबा नीचे की ओर खिसकने लगा। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक भूस्खलन का बड़ा हिस्सा सीधे JCB मशीन के ऊपर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से मशीन पूरी तरह दब गई और उसके अंदर मौजूद ऑपरेटर व हेल्पर भी मलबे में फंस गए।
यह भी पढ़ें : सदन में विजिलेंस जांच पर हंगामा: CM सुक्खू बोले- चार्जशीट भाजपा ने बनाई, हम तो बस कार्रवाई कर रहे
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
भूस्खलन के बाद लदरौर बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया। मलबा काफी भारी होने के कारण हाथों से राहत कार्य करना मुश्किल था। इसके बाद दूसरी JCB मशीन को मौके पर बुलाया गया। मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया और काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला जा सका।
अस्पताल पहुंचते ही एक को मृत घोषित किया
मलबे से बाहर निकाले गए दोनों युवकों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 20 वर्षीय हेल्पर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, JCB ऑपरेटर की हालत गंभीर बताई गई। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में अब आउटसोर्स भर्ती पर हुआ हंगामा, नारेबाजी करते हुए विपक्ष ने किया वॉकआउट
हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान कुशल (20) पुत्र होशियार सिंह, निवासी गांव चम्बयाली, जिला ऊना के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल JCB ऑपरेटर की पहचान पंकज भारद्वाज (26) निवासी गांव जाजर, सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई है। एक ही हादसे में अलग-अलग जिलों से जुड़े दो युवकों के मलबे में दबने की खबर से उनके परिवारों में भी मातम और चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी अस्पताल में नहीं होंगे फ्री टेस्ट...इलाज का खर्च भी हुआ महंगा, जानें क्यों
चंबा के बाद बिलासपुर में भूस्खलन से हादसा
गौरतलब है कि मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। चंबा के भरमौर के बाद अब बिलासपुर के लदरौर बाजार में भी भूस्खलन ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच जमीन खिसकने और पहाड़ियों से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में निर्माण और खोदाई जैसे कामों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
