रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमाचल में बीते रोज से प्रदेश भर में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई है। वहीं मैदानों में बारिश के साथ अंधड़ ने जमकर तबाही मचाई है। इसी बीच हिमाचल के किन्नौर जिला में हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस बर्फ पर फिसल कर बीच सड़क पलट गई है। इस हादसे में कई लोगों को चोटें आई हैं।

रिकांगपिओ में बर्फ पर फिसल कर पलटी बस

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा किन्नौर जिला में आज सुबह उस समय पेश आया, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (एचपी-25ए 5384) समदो से रिकांगपिओ जा रही थी।  इसी दौरान रिकांगपिओ डिपो की यह बस नाको के पास ही एनएच पर गिरी बर्फ पर स्किड हो गई और वहीं पर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: पेड़ से टकराई कार, एक बहन स्वर्ग सिधारी,चालक-दूसरी बहन घायल

यात्रियों में मची चीख पुकार

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में काफी सवारियां मौजूद थीं। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस हादसे में चालक परिचालक सहित 12 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।  जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पातल से घर भेज दिया है। यह हादसा आज सुबह करीब आठ बजे के आसपास हुआ है। यात्रियों की चीख पुकार सुन कर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में अंधड़ ने मचाई तबाही, दो साल की मासूम पर गिरा पेड़, पसरा मातम

रात को आए तूफान ने मचाई तबाही

बता दें कि हिमाचल में बीती रात को मौसम के करवट बदलने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में भारी तुफान आया था। इस तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। प्रदेश भर से ऐसी कई खबरें सामने आई हैं, जहां घरों की छतें उड़ गई हैं।  तो कहीं सड़क किनारे पार्क गाड़ियों पर बड़े बड़े पेड़ गिर गए हैं। वहीं ऊना में तो एक झुग्गी पर पेड़ गिरने से एक दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई है।