ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना में मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरे ट्रक के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अब हादसे का अपडेट सामने आया है। पीरनिगाह के पास हुए इस हादसे में एक 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 52 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के समय ट्रक में करीब 60 लोग सवार थे।
दर्शन के बाद नयना देवी जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री से 60 श्रद्धालु हिमाचल आए थे। श्रद्धालुओं ने पीरनिगाह मंदिर में दर्शन किए और वहां भंडारा भी लगाया। इसके बाद सभी माता नयना देवी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के जवान का ऑन ड्यूटी निधन- दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, आज घर पहुंचेगी देह
उतराई में ड्राइवर ने खोया ट्रक पर नियंत्रण
बताया जा रहा है कि पीरनिगाह से करीब दो किलोमीटर आगे उतराई में अचानक ट्रक ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। इसके बाद 16 टायर वाला ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस के जरिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में नर्स ने 12 साल की उम्र में पास की दसवीं! कोर्ट ने मांगा जवाब, नौकरी पर मडंराया संकट
तीन दिन पहले पीरनिगाह पहुंचे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का यह जत्था करीब तीन दिन पहले पीरनिगाह पहुंचा था। यहां उन्होंने भंडारे का आयोजन किया था। धार्मिक कार्यक्रम के बाद श्रद्धालु माता नयना देवी के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के दौरान ट्रक में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें से करीब 52 श्रद्धालु घायल हुए हैं. घायलों में बच्चे, महिलाओं और पुरुष शामिल हैं।
चार घायलों को PGI किया रेफर
हादसे में घायल सभी लोग हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का ऊना अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ा पियूष, बाइक पर निकला था ग्राहक को चिट्टा बेचने
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
ऊना पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक के अनियंत्रित होने की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में पूनम, पायल, कौशल्या, रेखा देवी, राकेश कुमार, नैना, नीतू, गुंजन, आरव, शैवंशी, सतपाल, मोहित, अंजलि, नरेश कुमार, आशा, सन्देशी, रामप्यारी, लावण्या, दिव्या, ममता, सुनीता, मोहिंदर सिंह, चंचला, सुनील, सुनीता, नंदलाल, अंशिका, मयंक, मनीषा, दिव्यांश, अजीत, गोपाल, हर्ष और प्रदीप घायल हुए हैं। इसके अलावा संजय गोपाल कॉलोनी, पानीपत और जयदीप पटियाला, पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में 11 वर्षीय बच्ची पायल की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
