ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के स्तोथर गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चारा काटने वाली मशीन चलाते समय एक बुजुर्ग महिला करंट की चपेट में आ गई। हादसा में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को हुई चिंता
जानकारी के मुताबिक महिला शुक्रवार शाम घर के पास बनी गौशाला में मवेशियों के लिए चारा काटने गई थी। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और गौशाला की तरफ गए।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू ने अपने चहेतों को बांटे सरकारी बंगले...हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, मांगा जवाब
गौशाला में मशीन के पास बेसुध मिली महिला
परिजन जब गौशाला पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। महिला चारा काटने वाली मशीन के पास बेसुध हालत में पड़ी थी। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि चारा काटते समय मशीन में अचानक करंट आ गया होगा, जिसकी चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे
महिला को बेसुध हालत में देखकर परिजनों ने बिना देर किए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुसाड़ा पहुंचाया। परिवार को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में ढेर सारे चिट्टे संग 'SINGH' साहब गिरफ्तार : टीवी के स्पीकर में छिपाई थी खेप
मृतका की पहचान
मृतका की पहचान कौशल्या देवी (65) पत्नी स्वर्गीय जीत सिंह, निवासी गांव स्तोथर के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती : EWS नियमों में बड़ा बदलाव, आरक्षण से ट्रेनी बाहर
जांच के बाद ही सामने आएगा हादसे का असली कारण
एसडीपीओ अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शुरुआती तौर पर करंट लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस महिला के घर से कुछ ही दूरी पर चारा काटने जाने की बात थी, कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं।
