शिमला। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में हुए दर्दनाक बस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ऋषिकेश में 17 नवंबर को हुए इस हादसे में कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इस हादसे में शिमला शहर के गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पंडित की भी जान चली गई।
1995 से मंदिर में दे रहे थे सेवा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह करीब 1995 से शिमला के गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण सनातन धर्म मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे। इतने सालों से मंदिर से जुड़े होने के कारण वह स्थानीय लोगों और मंदिर परिवार के बीच अच्छी पहचान रखते थे। उनके अचानक चले जाने से मंदिर और आसपास के लोगों में शोक है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सुशील पंडित के रूप में हुई है। वह शिमला के गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पुजारी थे।
यह भी पढ़ें : सांसद कंगना का राहुल गाधी पर तंज : फोटो शेयर कर लिखा, संस्कार अपने-अपने; छिड़ी नई बहस
बेटे की 6 दिसंबर को होनी थी शादी
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया है। बताया जा रहा है कि सुशील पंडित के बेटे की शादी 6 दिसंबर 2026 को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सुशील पंडित ने लोगों को शादी का निमंत्रण भी दिया था। अब शादी से पहले ही उनकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भाजपा नेता संजय सूद ने जताया दुख
शिमला के भाजपा नेता एवं कार्यसमिति सदस्य संजय सूद ने सुशील पंडित के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ऋषिकेश के पास हुए हादसे में सुशील पंडित का निधन समाज और मंदिर परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा बेच खड़ा किया साम्राज्य : पुलिस ने गाड़ी-बंगला समेत 57.92 लाख की प्रॉपर्टी सीज
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि
सुशील पंडित के निधन की खबर सामने आने के बाद शिमला के लोगों ने भी सोशल मीडिया पर दुख जताया। एक महिला ने लिखा कि सुशील पंडित जी का निधन परिवार के लिए बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि पंडित जी ने बड़े प्यार से अपने बेटे की शादी का निमंत्रण दिया था और 6 दिसंबर को शादी होनी थी। इस खबर से वह भी काफी दुखी हैं।
पड़ोसियों ने बताया नेक इंसान और विद्वान ब्राह्मण
एक अन्य महिला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मंदिर के मुख्य पुजारी सुशील पंडित का सड़क हादसे में अचानक निधन होना बेहद दुखद और हैरान करने वाला है। उन्होंने बताया कि सुशील पंडित उनके अच्छे पड़ोसी थे। वह नेक इंसान और विद्वान ब्राह्मण थे। उनके जाने से मन बहुत दुखी है। महिला ने भगवान से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत दें।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का दावा: 2028 तक हिमाचल के इस जिला में पहुंचेगी ट्रेन, सुक्खू सरकार को भी घेरा
पुल से नदी में गिर गई थी बस
बता दें कि यह हादसा उत्तराखंड के टिहरी जिले में गूलर पुल के पास हुआ था। यहां एक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गई थी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
