शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की जान चली गई। काम के दौरान अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद श्रमिकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

सड़क का चल रहा था काम 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के ठियोग उपमंडल के अंतर्गत आने वाले जगोड़ा गांव का है। यहां धमांदरी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। रोज की तरह मजदूर सड़क को चौड़ा करने और पहाड़ी काटने के काम में जुटे हुए थे। तभी अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और ढीले पत्थर नीचे आ गिरे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'राजकुमारी' से नशे की खेप बरामद- 4 बार पहले भी पकड़ी जा चुकी, अब होगी जेल

 मिट्टी के बड़े ढेर के नीचे दब गया मजदूर 

बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इसी दौरान एक प्रवासी मजदूर मिट्टी के बड़े ढेर के नीचे दब गया। आसपास मौजूद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला।

108 एंबुलेंस सेवा को किया फोन 

हालांकि जब उसे बाहर निकाला गया, तब तक वह अचेत अवस्था में था। तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया। एंबुलेंस के पहुंचते ही घायल मजदूर को ठियोग के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मलबे में दबने के कारण उसे गंभीर चोटें आई थीं।

 

यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट में हिमाचल: CM सुक्खू की राहुल गांधी के साथ अहम बैठक आज- लिए जाएंगे बड़े फैसले

मृतक की पहचान 

मुकेश के निवासी उत्तर प्रदेश, सहारनपुर जिले वह कुछ समय से यहां मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस को दी मामले की सूचना 

पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। स्थानीय प्रशासन ने ठेकेदार और संबंधित विभाग से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें