शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। चुनाव मैदान में उतरे सभी दावेदारों को आज चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

दावेदारों को आज मिलेंगे चुनाव चिन्ह

इससे पहले उम्मीदवारों को दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन वापस लेने का अवसर दिया गया है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस पंचायत में कौनसा उम्मदीवार किस पद पर होगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : NH पर पलटी सवारियों से भरी बस, एक युवक आया नीचे- चीखों से दहला पूरा इलाका

3,754 पंचायतों में 85,462 दावेदार

राज्य की 3,754 पंचायतों में फिलहाल 85,462 दावेदार विभिन्न पदों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। माना जा रहा है कि नामांकन वापसी के बाद यह संख्या कुछ कम हो सकती है।

तेज रफ्तार से होगा चुनाव प्रचार

इसके बाद प्रदेशभर में चुनाव प्रचार पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि कितनी पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी और जिला परिषद सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद

निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों की घोषणा

राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा करेगा। प्रदेश में कुल 31,214 पदों के लिए तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहला चरण 26 मई, दूसरा चरण 28 मई और तीसरा चरण 30 मई को होगा।

प्रत्येक मतदाता पांच अलग-अलग वोट डालेगा

इन चुनावों में 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 BDC सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। पंचायत चुनावों में प्रत्येक मतदाता पांच अलग-अलग वोट डालेगा। इनमें प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, BDC और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल का परिवार बना मिसाल : बेटी हुई है....मनाया खूब जश्न, पूरे इलाके में बांटी मिठाइयां

कब घोषित होगा परिणाम?

चुनाव आयोग के अनुसार, प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पंचायत भवनों में की जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, BDC और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।

पेड हॉलीडे घोषित

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान वाले दिन संबंधित क्षेत्रों में पेड हॉलीडे घोषित किया गया है। सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को मतदान के दिन अवकाश मिलेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें