सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते सड़कों पर फिसलन से हादसों का खतरा बढ़ गया है। इसी बीच  जिला सिरमौर से एक सड़क सामने आया है। चौहान ट्रेवल्स की बस में अचानक तकनीकी खराबी आने से उसके ब्रेक फेल हो गए और बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी। उस समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। अचानक बस के अनियंत्रित होने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। 

चढ़ाई चढ़ते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार,  चौहान ट्रेवल्स की बस (HP-71-1492) रोज की तरह पांवटा साहिब से बकरास की ओर जा रही थी। जब बस हलां गांव के पास पहुंची तो सड़क पर भारी कीचड़ और फिसलन थी। इसी दौरान बस खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थी कि अचानक उसका प्रेशर पाइप फट गया। प्रेशर पाइप फटते ही बस का ब्रेक सिस्टम पूरी तरह से जवाब दे गया और बस धीरे-धीरे पीछे की ओर लुढ़कने लगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में दुकानदार ने बेचे एक्सपायर्ड नूडल्स : लड़की की बिगड़ी हालत, पिता ने किया कोर्ट केस

करीब 20 मीटर तक पीछे लुढ़की बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब 20 मीटर तक पीछे की तरफ चली गई। सड़क पर कीचड़ होने के कारण बस के टायरों की पकड़ भी कमजोर हो गई थी, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया।बस के पीछे लुढ़कते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबरा गए और बस में चीख पुकार मच गई। 

चालक की सूझबूझ से बचीं 50 जिंदगियां

मुश्किल हालात में भी बस चालक ने हिम्मत नहीं हारी। उसने सूझबूझ और समझदारी से बस को संभालने की कोशिश जारी रखी और आखिरकार बस को सुरक्षित रोकने में कामयाब रहा। चालक की इसी बहादुरी और त्वरित फैसले की वजह से बस में सवार करीब 50 यात्रियों की जान बच गई। हादसा टलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और चालक की जमकर सराहना की।

यह भी पढ़ें- HRTC पेंशनरों को बड़ी राहत : सुक्खू सरकार ने जारी किए 20 करोड़, खातों में पहुंच रहे पैसे

बड़ा हादसा टलने पर लोगों ने जताई राहत

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस थोड़ी और पीछे लुढ़क जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।