नाहन। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित एक फैक्ट्री में हुए भयानक हादसे ने श्रमिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जय एलॉयज कंपनी में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद उबलता हुआ लोहा मजदूरों पर जा गिरा, जिससे चार श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। 

भट्टी में हुआ विस्फोट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में चल रही भट्टी में अचानक विस्फोट जैसी स्थिति बनी] जिसके बाद तेज गर्मी के साथ पिघला हुआ लोहा बाहर आ गया और पास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक और खतरनाक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य का विभाग बिन पैसों के हुआ अपाहिज, 20 विस क्षेत्रों की 224 सड़कों का लटका निर्माण

चार मजदूर झुलसे

इस हादसे में हरियाणा निवासी अमरजीत (42), झारखंड के ओमंकार (32), उत्तर प्रदेश के उस्मान (19) और बिहार के काशीदास (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि भगदड़ के दौरान एक मजदूर गिरकर लोहे के स्लैब से टकरा गया, जिससे उसकी टांग में भी चोट आई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ मजदूरों को गंभीर जलन और चोटें आई हैं।

कंपनी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और भट्टी के संचालन में खामियां इस बड़े हादसे की वजह हो सकती हैं। श्रमिकों का आरोप है कि सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त इंतजाम मौजूद नहीं थे, जिससे जोखिम और बढ़ गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का अपाहिज सिस्टम : व्हील चेयर पर पड़े शख्स को बताया मु.र्दा- पेंशन भी की बंद

 

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है और यदि लापरवाही साबित होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की जरूरत को रेखांकित करती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें