मंडी। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा अब जिला मंडी से सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।

तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक दो ट्रकों को मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला मंडी के सुंदरनगर फोरलेन पर पेश आया है। हमीरपुर के बड़सर निवासी विवेक शर्मा ने बताया कि वह भुंतर से स्क्रैप लेकर नालागढ़ की तरफ जा रहा था। रात करीब 12:30 बजे जब वह अलसू फोरलेन चौक के पास मुरारी ढाबा के नजदीक पहुंचा, तभी एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में उसकी गाड़ी के पास से निकली।

यह भी पढ़ें- सावन का तीसरा सोमवार बेहद खास : एक साथ बन रहे 9 शुभ संयोग; जानें किसे होगा फायदा

दो ट्रकों से टकराने के बाद स्क्रैप लदी गाड़ी से भिड़ी कार

तेज रफ्तार कार ने सड़क के बाहर खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार आगे खड़े दूसरे ट्रक से भी जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा घूमकर सड़क की तरफ आ गया और फिर वह स्क्रैप से लदी गाड़ी से भी टकरा गई।

कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाले गए पांचों लोग

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार में फंसे पांचों लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डैहर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें- 15 अगस्त पर बच्चों की जिद : CM सुक्खू के ऑटोग्राफ लेने की मची होड़- पीठ पर करवाए साइन

इलाज के दौरान 26 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम

हादसे में घायल सभी पांच लोगों की पहचान हरियाणा के रहने वालों के रूप में हुई है। इनमें विवेक, सचिन, परवीन, पीयूष और 26 वर्षीय आकाश शामिल थे। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने आकाश पुत्र लोकराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाकी चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

टक्कर से ट्रक का टायर और कमानी भी टूटी

पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार का नंबर HR 51 CX 8809 है। कार की टक्कर से सड़क के बाहर खड़े ट्रक का पिछला टायर फट गया। इसके अलावा ट्रक की कमानी और पट्टे भी टूट गए। हादसे में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : HRTC बस और बाइक की टक्कर, रक्षा बंधन से कुछ दिन पहले बहनों ने खोया भाई

तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने भी मामला दर्ज होने और जांच शुरू किए जाने की पुष्टि की है।