#धर्म
August 16, 2026
सावन का तीसरा सोमवार बेहद खास : एक साथ बन रहे 9 शुभ संयोग; जानें किसे होगा फायदा
तीसरे सोमवार को बन रहा खास संयोग
शेयर करें:

शिमला। सावन का पावन महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस महीने में शिव भक्त रोजाना भोलेनाथ की पूजा करते हैं, लेकिन सावन के सोमवार का महत्व और भी ज्यादा माना जाता है। मान्यता है कि सोमवार के दिन शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। इस बार सावन का तीसरा सोमवार बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस दिन कई शुभ योग और धार्मिक संयोग एक साथ बन रहे हैं।
बता दें कि सावन के तीसरे सोमवार को नाग पंचमी, रवि योग, सिंह संक्रांति और स्कंद षष्ठी समेत कुल 9 शुभ संयोग बन रहे हैं। सोमवार के दिन पंचमी तिथि होने की वजह से इसे सोमवती नाग पंचमी भी कहा जा रहा है।
इस दिन भगवान शिव के साथ नाग देवता की पूजा करने का भी विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है और कई तरह के दोषों से राहत मिलती है।
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, इस दिन रवि योग भी बन रहा है। यह योग सुबह 5 बजकर 51 मिनट से लेकर 8 बजकर 4 मिनट तक रहेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दौरान पूजा-पाठ और भगवान शिव का ध्यान करना शुभ माना जाता है।
इसके अलावा एक अन्य शुभ योग भी पूरे दिन प्रभावी रहेगा, जिसका असर अगले दिन 18 अगस्त की सुबह 3 बजकर 29 मिनट तक रहने की बात कही गई है। यही वजह है कि इस बार का सोमवार सामान्य सोमवार से ज्यादा खास माना जा रहा है।
नाग पंचमी के दिन भगवान शिव को लावा और दूध अर्पित करना भी शुभ माना जाता है। भक्त सुबह स्नान करने के बाद साफ कपड़े पहनकर शिव मंदिर जाएं और श्रद्धा के साथ शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाएं। इसके साथ ही ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करना भी शुभ माना गया है।
इस दिन सिंह संक्रांति, स्कंद षष्ठी, हंसराज योग और त्रिग्रही योग समेत कई अन्य ज्योतिषीय संयोग भी बन रहे हैं। ऐसे में सावन का तीसरा सोमवार भगवान शिव की पूजा और आराधना के लिए बेहद खास माना जा रहा है। देवघर में भी बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।