कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगभग हर दिन किसी न किसी जिले से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं तो कई गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, यहां पर टेंपो ट्रैवलर और एक कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
दो अलग-अलग दिशाओं से आ रहे थे दोनों वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर ज्वालामुखी से नंगल की ओर जा रही थी, जबकि कार चिंतपूर्णी से ज्वालामुखी की तरफ आ रही थी। जैसे ही दोनों वाहन ढलियारा के तीखे मोड़ों पर पहुंचे, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इन कर्मचारियों को DA के साथ मिलेगा बोनस, सुक्खू सरकार ने खोल दिया खजाना
ब्रेक फेल होने की आशंका
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद दोनों वाहनों में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे की एक बड़ी वजह टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ढलान पर आते समय चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन रफ्तार में होने के कारण नियंत्रण से बाहर हो गया और सामने से आ रही कार से जा टकराया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बिजली बोर्ड का बड़ा फैसला: बिल पर नहीं लगेगा फ्यूल चार्ज, लाखों उपभोक्ताओं को राहत
स्थानीय लोग सबसे पहले पहुंचे मदद के लिए
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कई लोगों ने अपने स्तर पर प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध कराई। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसके कुछ ही देर बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उनका उपचार शुरू कर दिया। हादसे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ घायलों का इलाज और जांच अभी भी चल रही है। डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 4 जगह फटे बादल, 3 दिन में 11 लोगों की मौ*त; फ्लैश फ्लड ने जमकर मचाई तबाही
पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया, लोगों के बयान दर्ज किए और दोनों वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई। कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही, वाहन की तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ।
तीन दिनों में तीसरा बड़ा सड़क हादसा
ढलियारा के ये तीखे मोड़ लगातार हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले दो अलग-अलग घटनाओं में सामान से लदे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए थे, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें : प्रेमी जोड़े की हरकतों का VIDEO वायरल- पब्लिक प्लेस पर 'KISS' करते दिखे, थाने पहुंचा केस
वहीं गुरुवार को जयपुर के मानसरोवर से अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस भी इसी मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इस स्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोग बोले-अब सिर्फ आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए
लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गए हैं। लोगों का कहना है कि हर बार हादसे के बाद जांच और कार्रवाई की बातें होती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलता। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो आने वाले समय में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें : जयराम की हुई मंडी : अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
ब्लैक स्पॉट घोषित करने की उठी मांग
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि ढलियारा के इन खतरनाक मोड़ों को जल्द से जल्द ब्लैक स्पॉट घोषित किया जाए। साथ ही यहां मजबूत क्रैश बैरियर लगाए जाएं, बड़े और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड कंट्रोल सिस्टम विकसित किया जाए और सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय किए जाएं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा : चुनाव हारने वाले मिड-डे मील कर्मियों को वापस मिलेगी नौकरी
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जरूरी कदम उठाए गए तो भविष्य में कई लोगों की जान बचाई जा सकती है और इस हाईवे को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सकता है।
