कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहा ले रहा है। कई बार सड़क पर अचानक सामने आई कोई चीज भी वाहन चालक के लिए जानलेवा साबित हो जाती है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है। यहां एक बाइक सवार कुत्ते को बचाने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कुत्ते को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मोहटली पर पेश आया है। यहां बीते कल मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे व्यक्ति अपनी बुलेट बाइक पर जालंधर से पठानकोट की तरफ जा रहा था।

 

यह भी पढ़ें : होटल में सोती रह गई हिमाचल पुलिस, चकमा देकर फरार हुआ आरोपी- अभी भी पकड़ से बाहर

 

जब वह मोहटली के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो अचानक उनकी बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने की कोशिश में उन्होंने बाइक से नियंत्रण खो दिया और सर्विस रोड पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल राजिंद्र सिंह को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 47 वर्षीय राजिंद्र सिंह निवासी गांव पनवां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह जम्मू में एक निजी कंपनी में काम करता था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंड का डबल अटैक: 3 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, माइनस में पहुंचा पारा

 

मृतक के पिता निर्मल सिंह ने पुलिस को बताया कि राजिंद्र को पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था और वह नियमित रूप से दवाइयां लेते थे। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे में किसी दूसरे वाहन की टक्कर की बात सामने नहीं आई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

ASP धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा कर जरूरी जानकारी जुटाई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी पार्वती देवी के बयान भी दर्ज किए हैं। वहीं, शव का नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।