ऊना। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोगों की मौत हो रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अधिकतर सड़क हादसे वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार से होते हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा हिमाचल के ऊना जिला में हुआ है। हादसे में एक बस ने महिला को बुरी तरह से कुचल दिया। जिससे महिला की मौत हो गई।
आईएसबीटी के प्रवेश द्वार पर हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा आज मंगलवार को शाम के समय ऊना स्थित आईएसबीटी के प्रवेश द्वार पर हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा पंजाब रोडवेज की बस से हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की इस दिन होगी लिखित परीक्षा, जारी हुआ शेड्यूल
बस के टायर के नीचे आई महिला
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान सावित्री देवी पत्नी चमन लाल निवासी नंगल कलां हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी मंगलवार दोपहर के समय ऊना पहुंची थी। जब महिला आईएसबीटी के मुख्य प्रवेश द्वार से गुजर रही थीं, उसी दौरान नंगल की तरफ से पंजाब रोडवेज की बस भी बसस्टैंड के भीतर प्रवेश कर रही थी। इसी बीच अचानक महिला पीआरटीसी बस के पिछले टायर के नीचे आ गई। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के 5 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी, तेज आंधी-तूफान के साथ बरसेंगे बादल
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा। वहीं पुलिस ने इस संदर्भ में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि बस की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
