मंडी। कहते हैं कि, बुरा वक्त किसी को न्योता देकर नहीं आता है। मगर जब आता है तो न इंसान साथ दे पाता है और न ही नेचर। ऐसा ही कुछ देखने को मिला है हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में, जहां एक ओर भारी बारिश ने सैकड़ो लोगों को बेघर कर दिया कईं जानें चली गई. वहीं दूसरी ओर एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। जहां एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने पलभर में 15 कमरों वाले पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

सबकुछ हो गया राख

मिली जानकारी के अनुसार, जिला मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के कमांद ग्राम पंचायत अंतर्गत गाडनाल गांव में एक भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की जिंदगी उजाड़ दी।

यह भी पढ़ें : आपदा की घड़ी में सीएम सुक्खू का जज्बा, बाढ़ पीड़ितों संग राहत शिविर में बिताई रात

लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गांव के बीचोंबीच स्थित एक दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई, जिसने पलभर में 15 कमरों वाले पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक सबकुछ राख में तब्दील हो चुका था।

तन ढकने के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा

इस घर में बुजुर्ग नबरतरू अपने पांच बेटों- महेंद्र सिंह, तापे राम, डोले राम, बीजे राम और भीम देव के साथ पूरे परिवार सहित रहते थे। घर में कुल 35 लोग रहते थे, जो इस अग्निकांड के बाद बेघर हो गए हैं और अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना के समय नबरतरू अपनी पोती के इलाज के लिए शिमला गए हुए थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल आपदा- 85 लोगों ने गंवाया जीवन, 37 मलबे में दफन- नहीं मिल रहा कोई सुराग

जैसे ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली, वह भागकर लौटे, मगर तब तक उनका सबकुछ जलकर खाक हो चुका था। नबरतरू ने बताया कि इस घर में बहुएं, पोत्रवधुएं और बच्चे सभी साथ रहते थे। लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान और जरूरत की सारी चीजें आग की भेंट चढ़ गईं। उन्होंने रोते हुए कहा कि अब उनके पास तन ढकने के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है।

मदद के लिए सामने आए स्थानीय लोग

बहरहाल, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन कहा जा रहा है कि, भारी बारिश के बीच किसी तकनीकी खराबी या अन्य अज्ञात कारण से आग भड़की होगी। प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं, और प्रभावित परिवार की मदद के लिए पंचायत और स्थानीय लोग भी आगे आए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।