हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक हादसा सामने आया है। यहां एक युवक नशे की हालत में संतुलन खो बैठा और सीधे सरिये पर जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि सरिया उसके आर-पार हो गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा जिला हमीरपुर के ऊना-हमीरपुर मार्ग पर स्थित बड़सर (गलू) में पेश आया है। यह घटना रात के समय की है जब युवक अपने कमरे से बाहर निकला। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठा और करीब 14 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ड्रग ओवरडोज ने ली युवक की जा*न, दोस्तों पर घूमी शक की सुई- मामला दर्ज
दुर्भाग्यवश नीचे लोहे का एक सरिया पड़ा था, जिस पर वह सीधे जा गिरा। सरिया उसके कूल्हे में घुस गया और शरीर के दूसरी तरफ से बाहर निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
इसके बाद हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और मेडिकल टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को संभालते हुए युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उसके शरीर में धंसे सरिये को काटकर अलग करने में करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी सावधानी से सरिया काटा गया ताकि और ज्यादा नुकसान न हो। इसके बाद युवक को तुरंत सिविल अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में घूम रहा नकली पुलिसवाला...लोगों का रास्ता रोक हड़पे पैसे, हो जाएं सावधान
युवक की पहचान
हादसे में घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय राजू चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। वह बड़सर क्षेत्र में एक दुकान में काम करता था और मजदूरी कर अपना गुजारा चला रहा था।
हालत नाजुक, हमीरपुर किया रेफर
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन चोटें बेहद गंभीर होने के कारण उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के कूल्हे में गहरी चोट आई है और उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। उसे बचाने के लिए जटिल सर्जरी करनी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो युवकों की मौ*त, नशे से जुड़ रहे तार- गम में एक की मां ने उठाया गलत कदम
नशे की हालत में था युवक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय युवक ने शराब के के सेवन की बात सामने आ रही है। इसी वजह से उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। हालांकि, शराब या अन्य नशे की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस क्या कह रही है
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल इसे एक हादसा माना जा रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई मेडिकल और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
