#अपराध
March 26, 2026
हिमाचल में दो युवकों की मौ*त, नशे से जुड़ रहे तार- गम में एक की मां ने उठाया गलत कदम
एक युवक ने ड्यूटी से लौटते समय तोड़ा दम
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश का हमीरपुर जिला पिछले 48 घंटों के भीतर हुई दो दिल दहला देने वाली घटनाओं से स्तब्ध है। शहर में दो युवाओं की अचानक और रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मौत ने ना केवल स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इन मौतों के पीछे नशे की ओवरडोज का गहरा अंदेशा जताया जा रहा है।
पहला मामला मंगलवार शाम का है जिसने बजूरी क्षेत्र के एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। 25 वर्षीय दिव्यांश जो एक स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था, अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। सलासी के समीप स्थानीय लोगों ने उसे अचानक बेसुध अवस्था में पड़ा पाया। आनन-फानन में उसे हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिव्यांश की मौत का समाचार मिलते ही घर में कोहराम मच गया। जवान बेटे को खोने का गम उसकी मां बर्दाश्त नहीं कर सकी और उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। सौभाग्य से परिजनों ने समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया जहां अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अभी शहर दिव्यांश की मौत के सदमे से उबरा भी नहीं था कि बुधवार दोपहर को एक और दर्दनाक खबर सामने आ गई। भोटा चौक स्थित पब्लिक टॉयलेट परिसर में एक और युवक अचेत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान बिझड़ी क्षेत्र के करहा गांव निवासी शशिकांत के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत पाया।
हमीरपुर शहर के बीचों-बीच दो दिनों में दो नौजवानों का इस तरह दुनिया से चले जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी लेकिन स्थानीय स्तर पर चर्चाएं गर्म हैं कि ये मौतें नशे की बढ़ती गिरफ्त का परिणाम हो सकती हैं।
ये घटनाएं समाज के लिए एक चेतावनी हैं कि किस तरह नशा युवाओं की जिंदगी लील रहा है। प्रशासन अब इस बात की तहकीकात कर रहा है कि क्या इन दोनों मामलों के तार आपस में जुड़े हुए हैं।