कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से हुए इस हादसे में एक जवान बेटे की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक हंसते खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। 

बाइक-स्कूटी की हुई आमने सामने टक्कर

जानकारी के अनुसार यह हृदय विदारक दुर्घटना भुंतर-गढ़सा मार्ग पर चूटी बिहाल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि आमने-सामने से आ रही स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने स्कूटी चालक गगन जसवाल निवासी भुंतर को मृत घोषित कर दिया।

 

यह भी पढ़े : हिमाचल : माता के मंदिर जा रहा था शख्स, काल बनकर कार के सामने आई नीलगाय- खाई में जा गिरी

 

युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि जिस बेटे से घर की उम्मीदें जुड़ी थीं, वह अब हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। वहीं बाइक पर सवार दो लोग हादसे में घायल हुए हैंए जिनका उपचार जारी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में परिवार करवाने चला था 16 साल की लड़की का ब्याह, पुलिस ने फेरा मंडप पर पानी

प्रदेश में लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही से वाहन चलाना आए दिन लोगों की जान ले रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों की संकरी सड़कों पर जरा सी गलती भी जानलेवा साबित हो रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें