चंबा। हिमाचल के पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान कब कौन सा मोड़ जिंदगी का इम्तिहान बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। चंबा के भरमौर में आज सुबह एक परिवार के साथ ऐसा ही पल आया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे परिवार की वैन अचानक मुसीबत में फंस गई।

चंबा में एक और हादसा

रास्ते में वाहन की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और कुछ ही पलों में सामने बड़ा खतरा खड़ा हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और वैन में सवार सभी नौ लोगों की जान बच गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : जमीन के नीचे मची हलचल से सहमे लोग- 100 घरों पर खतरा, दीवारों में पड़ी दरारें

मुंडन में गया था परिवार

हादसा सुबह करीब 10 बजे लाहल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के पास हुआ। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव का एक परिवार भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर में बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद परिवार के सदस्य मारुति वैन नंबर JK-06A-3241 से वापस लौट रहे थे।

 

वैन की हुई ब्रेक फेल

लाहल ढांक के पास पहुंचते ही अचानक वैन की ब्रेक फेल हो गई। पहाड़ी सड़क पर इस स्थिति के बाद चालक के सामने सबसे बड़ी चुनौती वाहन को खाई की तरफ जाने से रोकने की थी।

यह भी पढ़ें- बदहाली: IGMC में कैंसर मरीजों के इलाज पर संकट, दवाइयां खत्म- बाजार से खरीदने को मजबूर

चालक की सूझबूझ से खाई में जाने से बची वैन

ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने घबराने के बजाय वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की। उसने वैन को खाई की ओर जाने से रोकते हुए पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद वाहन पहाड़ी की साइड में जा टकराया और बड़ा हादसा होने से बच गया। वैन में बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें लगने की सूचना है।

 

मौके पर लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 400 ग्राम चरस के लिए 6 साल चला केस- अब कोर्ट ने सुनाई कठोर सजा

मौके पर अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। धार्मिक कार्यक्रम के बाद घर लौट रहा परिवार इस हादसे के बाद दहशत में आ गया, हालांकि सभी नौ लोगों की जान सुरक्षित रहने से बड़ी अनहोनी टल गई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें