चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। भरमौर उपमंडल में उरई-सामरा रोड पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है।
3 लोगों की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। इस हादसे में कार के परख्चचे उड़ गए हैं। जबकि, उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कैसे पेश आया हादसा?
फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर पुलिस टीम और स्थानीय लोग पहुंच गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सड़क से नदी में समाई गाड़ी की हालत देख पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : मंडी से घर लौट रहे थे दो दोस्त, गहरी खाई में गिरी गाड़ी- पुष्पराज ने तोड़ा दम
धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे लोग
यह दर्दनाक हादसा आज शनिवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास उस समय हुआ, जब एक कार में सवार होकर पांच लोग सामरा.रूणहकोठी क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जब यह लोग उरई.घठोर.सामरा मार्ग पर सारनी पुल के पास पहुंचे तो अचानक से चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी।
चीख पुकार से दहला क्षेत्र
इस हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। जिसे सुन कर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच पुलिस प्रशासन को भी मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों की मदद से घायलों को सड़क तक पहुंचाया और वहां से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाबी की हीरोपंति : चलती कार से बना रहा था वीडियो, पुलिस ने सिखाया सबक
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उरई गांव निवासी चतरो देवी पत्नी पून्नू राम, बशैहरो देवी पत्नी घनिया राम के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक अंकू जो रूणहकोठी का निवासी था की भी इस हादसे में मौत हो गई। घायल हुए दो अन्य लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची भरमौर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम की प्रक्रिया करवाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणाों की जांच की जा रही है।
