सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में ईद के दिन एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को गम में बदल दिया। सैनवाला मुबारकपुर क्षेत्र में ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे एक सात वर्षीय मासूम की पानी से भरी खड्ड में डूबने से मौत हो गई।

7 वर्षीय मासूम की मौत

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लाडले की मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में है। बच्चे के माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें- HRTC 1 जून से बदलेगा नियम : हिम बस कार्ड बिना छात्रों और महिलाओं की मुफ्त यात्रा होगी बंद

ईदगाह पर नमाज अदा करने पहुंचा 

जानकारी के अनुसार आयान अपने परिवार के साथ सुबह ईद की नमाज अदा करने ईदगाह पहुंचा था। नमाज के दौरान उसके पिता और दादा इबादत में व्यस्त थे, जबकि बच्चा आसपास खेल रहा था। इसी बीच अचानक वह नजरों से ओझल हो गया। पहले परिजनों ने उसे ईदगाह परिसर और आसपास तलाश किया, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

गहरी खड्ड में डूबने से मौत

बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी खोजबीन में जुट गए। काफी तलाश के बाद ईदगाह से कुछ दूरी पर स्थित एक गहरी और दलदली खड्ड में उसके डूबे होने का पता चला। लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम की सांसें थम चुकी थीं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : डिप्टी CM के भाई की करारी हार, कांग्रेस के गढ़ में भाजपा ने लहराया परचम

खेलते-खेलते गिरा बच्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार सिंचाई नहर से हुए पानी के रिसाव के कारण खड्ड में काफी पानी जमा हो गया था, जिससे वहां दलदल जैसी स्थिति बन गई थी। बताया जा रहा है कि खड्ड की गहराई लगभग साढ़े चार फुट थी। आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते बच्चा वहां पहुंच गया और दलदल व पानी में फंसकर बाहर नहीं निकल सका।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तूफान का अलर्ट- कई जिलों में खतरे की घंटी, जमकर होगी बारिश और ओलावृष्टि

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ईद के दिन हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस परिवार में सुबह त्योहार की खुशियां थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे जलभराव और खतरनाक स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें