शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिज़ाज बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और कुछ देर के लिए शहर में अंधेरा सा महसूस हुआ। सोलन और सिरमौर जिलों में भी यही हालात देखने को मिले। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन फसलों और ट्रैफिक को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।
चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दोपहर बाद ताज़ा बुलेटिन जारी कर हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए शाम 6 बजे तक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट में तेज़ बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की आशंका जताई गई है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को बिना ज़रूरत घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक की रातों-रात चमकी किस्मत, 39 रुपए लगाकर बना करोड़पति
अगले दो दिन और सतर्कता जरूरी
चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की संभावना है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और बिजली गिरने जैसे खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता।
23 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का दबदबा
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई से पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल में और अधिक सक्रिय होगा। 23 को चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। 24 मई को इसका प्रभाव शिमला, सोलन और सिरमौर तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार और ओलों का प्रकोप भी अधिक हो सकता है।
यह भी पढ़ें : विमल नेगी केस में अदालत ने सुरक्षित रखा फैसला, चार्जशीट दाखिल करने पर लगाई रोक
बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात संभव
अगले सप्ताहांत यानी 25 और 26 मई को भी मौसम में हलचल बनी रहेगी। मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश जबकि लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊपरी इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है।
बीते 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई-
- निचार: 12.0 मिमी
- सांगला: 11.4 मिमी
- कुकुमसैरी: 9.6 मिमी
- कल्पा: 6.0 मिमी
- रिकांगपिओ: 3.0 मिमी
- नयनादेवी: 2.0 मिमी
- केलांग: 1.5 मिमी
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ दिन पहले जिस जगह से लापता हुआ था युवक, अब वहीं पर बुरी हालत में मिली देह
गर्मी से मिली राहत, तापमान में गिरावट दर्ज
बारिश के चलते प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है। बरठी में तापमान 2.6 डिग्री गिरकर 34.8 डिग्री पर पहुंच गया। बिलासपुर में 2.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई और तापमान 37.5 डिग्री रहा। नेरी में भी तापमान घटकर 37.7 डिग्री पहुंच गया।
जनता और प्रशासन दोनों रहें सतर्क
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच से छह दिन हिमाचल में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
