#यूटिलिटी
November 13, 2026
पुलिस ने बर्फबारी को देखते हुए वाहनों की आवाजाही पर लगाई रोक

कुल्लू/चंबा। हिमाचल प्रदेश में सर्दियों ने दस्तक देते ही अपना कड़ा रुख दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट बदली है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी ने जनजीवन से लेकर सड़क यातायात तक को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने के साथ ही कई महत्वपूर्ण दर्रों पर आवाजाही बंद करनी पड़ी है।
लाहौल-स्पीति में रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा पास सहित कुंजुम टॉप की ओर जाने वाले मार्ग बंद कर दिए गए हैं, जबकि चंबा के साच पास में करीब दो फीट तक बर्फ जमने से पांगी घाटी का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर सफर न करने की सलाह दी है।
लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बीती रात से जारी बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन काफी बढ़ गई है। कई स्थानों पर सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गई हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने रोहतांग दर्रा, शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात रोक दिया है। दारचा पुलिस पोस्ट से शिंकुला टॉप और बारालाचा टॉप की तरफ किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, लोसर चेक पोस्ट से कुंजुम टॉप और ग्राम्फू से छत्रू होते हुए कुंजुम टॉप की ओर जाने वाला मार्ग भी बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार कार का कहर- पहले बस को मारी टक्कर, फिर 3 लोगों को कुचला- दो की थमीं सांसें
लाहौल-स्पीति पुलिस ने मौसम की खराब परिस्थितियों को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा के अनुसार, बर्फबारी के कारण सड़कें खतरनाक हो गई हैं और वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई है। केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही सड़क और मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद स्नो चेन लगे 4×4 वाहनों को अनुमति दी जा सकती है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे रोमांच और बर्फबारी देखने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
यह भी पढ़ें : BJP सांसद कंगना के खिलाफ DGP से शिकायत : सोनिया की किताब पर उठाए थे सवाल
उधर, चंबा जिले के चुराह उपमंडल में स्थित साच पास में भी ताजा बर्फबारी ने हालात बदल दिए हैं। वीरवार देर रात साच पास और काहलो जोत में हुए हिमपात के बाद बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। साच पास में करीब दो फीट तक बर्फ जमने का अनुमान है। समुद्रतल से लगभग 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह दर्रा सर्दियों में भारी बर्फबारी के चलते हर साल बंद हो जाता है। ताजा हिमपात के साथ ही इस बार भी दर्रे की सीजनल बंदी शुरू हो गई है। सड़क पर बर्फ और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने से प्रशासन ने एहतियातन यातायात पर रोक लगा दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का यू-टर्न : आज 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
साच पास बंद होने का सबसे बड़ा असर जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी के लोगों पर पड़ा है। दर्रे से सड़क संपर्क टूटने के कारण अब पांगी के लोगों के लिए चंबा मुख्यालय पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। सामान्य दिनों में किलाड़ से साच पास होते हुए चंबा की दूरी करीब 170 किलोमीटर पड़ती है, लेकिन अब वैकल्पिक मार्गों से यह सफर बढ़कर लगभग 650 से 700 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। लोगों को वाया कुल्लू-मनाली या जम्मू-कश्मीर होकर चंबा पहुंचना पड़ेगा। ऐसे में एक दिन में पूरा होने वाला सफर अब दो से तीन दिन तक खिंच सकता है। इससे न केवल लोगों का समय बर्बाद होगा, बल्कि यात्रा पर होने वाला खर्च भी कई गुना बढ़ जाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 और 14 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात, जबकि मध्य और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदले मिजाज से प्रदेश के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक से टकराई कार... पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम, तीन मासूम भी थे साथ
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। इसके चलते बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 15 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहले से जमी बर्फ और कम तापमान के कारण फिसलन की समस्या बनी रह सकती है। ऐसे में मौसम साफ होने के बाद भी पर्यटकों और वाहन चालकों को पहाड़ी रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की नजर मौसम के हालात पर बनी हुई है।