#यूटिलिटी
November 15, 2026
नारकंडा और कल्पा में सीजन की पहली बर्फबारी, प्रदेश में बढ़ी ठंढ

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। शिमला से लेकर किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति तक पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। नवंबर महीने के मध्य में हुई इस ताजा बर्फबारी ने जहां पहाड़ों की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं, वहीं प्रदेश में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। खास बात यह है कि पर्यटन स्थलों पर सीजन की पहली बर्फबारी होते ही सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया है। बाहरी राज्यों के प्रदूषण और शहरी भागदौड़ से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल की स्वच्छ आबोहवा और बर्फ से ढकी वादियों का रुख कर रहे हैं।
रविवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं आसमान से बर्फ के फाहे गिरने लगे। शिमला जिले के नारकंडा, कुफरी और खड़ापत्थर से लेकर किन्नौर के कल्पा, छितकुल और सांगला तक बर्फबारी ने दस्तक दी। वहीं, चूड़धार, कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर भी ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों का नजारा पूरी तरह बदल गया है और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा नेताओं के साथ वायरल हुई MLA सुंदर ठाकुर की तस्वीर, तेज हुई सियासी हलचल
प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कल्पा और नारकंडा में सीजन की पहली बर्फबारी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के चेहरे खिला दिए हैं। किन्नौर के कल्पा में रविवार को आसमान से गिरते बर्फ के फाहों ने खूबसूरत वादियों को सफेद रंग में रंगना शुरू कर दिया। वहीं, नारकंडा और कुफरी में भी हल्का हिमपात दर्ज किया गया।
किन्नौर के छितकुल और चोरंग में करीब 4 से 6 इंच तक बर्फ जमने की सूचना है। इसके अलावा रकछम, नाको, सांगला और हांगरंग घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद देवदार के पेड़ों, पहाड़ियों और घरों की छतों पर सफेद परत दिखाई देने लगी है। किन्नर कैलाश की खूबसूरत पर्वत शृंखलाओं के बीच बसे कल्पा का नजारा भी सर्दियों के किसी खूबसूरत पोस्टकार्ड जैसा हो गया है। शिमला और सिरमौर जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध चूड़धार चोटी पर भी ताजा हिमपात हुआ है। यहां स्थित शिरगुल महाराज मंदिर के आसपास बर्फ जमने से पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया है।

यह भी पढ़ें : "यह हिमाचल की संस्कृति पर काला धब्बा है": कंगना के बयानों पर भड़के मंत्री विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल के पहाड़ों पर बर्फबारी की खबर फैलते ही पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिलने लगे हैं। शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा और कसौली सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। खासतौर पर मनाली पहुंच रहे पर्यटक बर्फ से ढकी चोटियों को देखने के लिए उत्साहित हैं। कई सैलानी रोहतांग दर्रे और अटल टनल के आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। वीकेंड के चलते चंडीगढ़ और आसपास के मैदानी इलाकों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं।
मैदानी शहरों में बढ़ते प्रदूषण, धूल और खराब होती हवा से परेशान लोग पहाड़ों की स्वच्छ आबोहवा में कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं। ऐसे में हिमाचल की बर्फीली वादियां और प्राकृतिक सुंदरता उनके लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। पर्यटन स्थलों पर बढ़ती रौनक से होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक ने शुरू किया प्रदेश का पहला डोंकी फार्म, 7 हजार रुपए प्रतिकिलो बेचेगा गधी का दूध
ताजा हिमपात के साथ ही प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में पारा माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। राजधानी शिमला में भी रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय चली ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कई स्थानों पर धूप निकलने से कुछ राहत भी मिली।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेहरा बांधने से 16 दिन पहले उठी फौजी की अर्थी, सैन्य सम्मान से विदा किया जवान अक्षय
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और वाहन चालकों की परेशानियां भी बढ़ सकती हैं। खासकर नारकंडा, छितकुल, सांगला और लाहौल-स्पीति की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बर्फबारी वाले क्षेत्रों में सफर करने वाले पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें और प्रशासन व पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बहू बनी मेलबर्न की हेन्ना, सात समंदर पार हुई थी मुलाकात; अब हिंदू रीति रिवाज से हुई शादी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में हुई ताजा बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। 16 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। ऐसे में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।