ऊना। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्यभर में सतर्कता बढ़ा दी है। सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय हालात को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाएं।
स्कूलों को किया बंद
जिले के शिक्षण संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद करने और सुरक्षा के लिहाज से अन्य फैसले लेने की भी छूट दी गई है। मुख्यमंत्री स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं और उच्च अधिकारियों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गरज-चमक के साथ बरसेंगे मेघ, तेज तूफान की भी चेतावनी जारी
राज्य सरकार विशेष रूप से पंजाब सीमा से सटे जिलों में एहतियात के तौर पर कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कांगड़ा जिला के देहरा क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक ने पंचायत प्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि गांव स्तर पर भी सतर्कता सुनिश्चित हो सके।
सभी शिक्षण संस्थान बंद, रात में रहेगा ब्लैकआउट
ऊना जिला प्रशासन ने 9 मई को जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसमें स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र और आंगनवाड़ी केंद्र शामिल हैं। उपायुक्त ने यह कदम विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।
यह भी पढ़ें : भारत-पाक के बीच तनाव- हिमाचल में मिला नष्ट मिसाइल का टुकड़ा
देहरा पुलिस ने पंचायत प्रधानों, उप-प्रधानों और सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। सभी ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय पूर्ण ब्लैकआउट सुनिश्चित करने को कहा गया है। सौर ऊर्जा से जलने वाली लाइटों को बंद करने या उन्हें ढकने की सलाह दी गई है, ताकि रात में कोई प्रकाश बाहर न दिखाई दे।
आपातकालीन तैयारी के निर्देश
हर परिवार को एक बेसिक मेडिकल किट तैयार रखने को कहा गया है, जिसमें आवश्यक दवाइयां, कपड़े, टॉर्च, नकद राशि और पीने का पानी शामिल हो। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए देहरा पुलिस ने कंट्रोल रूम का नंबर 8278790759 जारी किया है।
