शिमला। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीमित सीजफायर के दो दिन बाद अब हालात सामान्य होने लगे हैं। इसके चलते हिमाचल प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ के सभी बंद एयरपोर्ट आज सुबह 10:30 बजे से खोल दिए गए हैं। पांच दिन से बंद रहे ये एयरपोर्ट अब सामान्य परिचालन की ओर लौट रहे हैं।
हिमाचल के तीनों एयरपोर्ट खुले, कल से उड़ानें शुरू
हिमाचल प्रदेश में शिमला का जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट, कांगड़ा के धर्मशाला स्थित गगल एयरपोर्ट और कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट को सुबह खोल दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यह कदम हालात सामान्य होने के बाद उठाया। हालांकि, उड़ानों की बहाली का फैसला एयरलाइंस कंपनियों को लेना है। फ्लाइट्स कल से शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल- खराब हालातों के कारण छूटी पढ़ाई, गन्ने का जूस बेच अनिकेत ने बदला अपना जीवन
पंजाब के तीन एयरपोर्ट भी हुए एक्टिव
पंजाब में अमृतसर, जालंधर (आदमपुर) और लुधियाना (साहनेवाल) एयरपोर्ट भी खोल दिए गए हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट भी अब ऑपरेशनल है। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए सिर्फ कर्मचारियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। अमृतसर एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने में थोड़ा समय लग सकता है।
सीमा पर सतर्कता, स्कूल खुले पर कुछ जिलों में अब भी बंद
सीजफायर के बाद भी पंजाब के बॉर्डर जिलों अमृतसर, फिरोजपुर, तरनतारन और पठानकोट में अब भी सतर्कता बरती जा रही है। बाकी 18 जिलों में स्कूल-कॉलेज आज से खोल दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुरक्षा अलर्ट: शादी में ड्रोन उड़ाने और भीड़ जुटाने पर पाबंदी, एयरपोर्ट खुले
फाजिल्का बॉर्डर पर मिला बम, सेना जांच में जुटी
पंजाब के फाजिल्का जिले के मुठियांवाली गांव में रविवार देर रात एक बम मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची सेना की टीम ने बताया कि बम पुराना लगता है, जिस पर जंग लगी हुई है। इसकी जांच जारी है।
