शिमला। एक ओर जहां उत्तर भारत के मैदानी राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम ने हल्का करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे कुछ क्षेत्रों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली।

हिमाचल में बढ़ेगी गर्मी

इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के बेटे की विदेश में मौ.त : 6 महीने पहले ही ज्वाइन की थी नेवी, जल्द होने वाली थी शादी

HEATWAVE का अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 और 27 मई को प्रदेश के पांच जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सोमवार से शुरू हो रहे नवतपा के चलते गर्मी और अधिक तीखी होने की संभावना जताई जा रही है।

कहीं बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कुल्लू, शिमला और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- जम्मू में HP नंबर की गाड़ी से 8 वर्षीय लड़की का अपह.रण : जबरन वाहन में बैठाया- इलाके में दहशत

तेज हवाएं-बिजली चमकने की संभावना

इसके अलावा चंबा, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

शुष्क बना रहेगा मौसम

हालांकि, प्रदेश के मैदानी और निचले पर्वतीय इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा रहने के साथ हल्की बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनाव के बीच जिला परिषद प्रत्याशी पर हम*ला, सिर फोड़ा और गाड़ी तोड़ी- थाने पहुंची महिला

तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 मई के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में तेज आंधी चलने और बिजली कड़कने की संभावना है। इसके अलावा हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भी मौसम अचानक बदल सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।

कैसे करें HEATWAVE से बचाव?

बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि-

  • दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचना चाहिए।
  • बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकना जरूरी है।
  • हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रहे।
  • शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए समय-समय पर पानी और तरल पदार्थ पीते रहना चाहिए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में थायराइड बना बड़ी बीमारी : बच्चों तक पहुंचा असर, तेजी से बढ़ रहे मामले

41 डिग्री पहुंचा पारा

रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार ऊना का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं नेरी में तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई मैदानी और निचले इलाकों में तापमान 36 डिग्री से ऊपर रहा।

तेज धूप कर रही परेशान

हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को हल्की राहत महसूस हुई। बावजूद इसके दिन के समय पड़ रही तेज धूप ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन : अलग-अलग नशे संग धरे दो, ढेर सारी कैश भी बरामद

मौसम का मिजाज बदला

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें