शिमला। हिमाचल प्रदेश में पारा लगातार गिरता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में जहां जल स्रोत जमने लगे हैं तो वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा रहा है। इस बीच मौसम विभाग की तरफ से आई अपडेट के अनुसार 5 दिसंबर से एक नया कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश के इन जिलों पर पड़ेगा असर
मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि 5 और 7 दिसंबर को मध्य व उच्च क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिलों के मौसम पर असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: जोरावर स्टेडियम में पुलिस ने छात्रों पर बरसाई लाठियां, 12 को आई चोटें
ताबो में पारा पहुंचा -8.0 सेल्सियस
वहीं लाहौल-स्पीति की बात करें तो यहां अब रातें और भी सर्द होने लगी हैं। ताबो में मंगलवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान -8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। लाहौल घाटी में तो जल स्रोत तक जमने शुरू हो गए हैं।
इन इलाकों में छाया रहेगा कोहरा
गौरतलब है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जरूर है। बता दें कि 3 व 4 दिसंबर को बिलासपुर व मंडी के कुछ हिस्से सुबह घने कोहरे से ढके रहेंगे।
यह भी पढ़ें: 44 बैंक अकाउंट, 9 लग्जरी कारें, 1.5 करोड़ का सोना: जानें कितने अमीर हैं प्रकाश राणा
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
ऐसे में ये स्पष्ट है कि ठंड अपना रुख बदलने लगी है। साथ ही मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं ठंड के साथ-साथ सुबह व शाम के वक्त सड़कों पर ब्लैक आइस जमने की घटनाओं से यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
शहरों का न्यूनतम तापमान (मंगलवार)
- शिमला में 5.0
- सुंदरनगर में 3.7
- भुंतर में 3.0
- कल्पा ने 0.0
- ऊना में 5.2
- नाहन में 10.3
- पालमपुर में 4.0
- सोलन में 2.4
- मनाली में 2.7
- कांगड़ा में 5.5
- मंडी में 5.1
- बिलासपुर में 7.5
- हमीरपुर में 4.0
- रिकांगपिओ में 2.2
