शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है, जबकि अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव से तापमान नीचे जाने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज और कल प्रदेश में मौसम की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रहेंगी। इसके बाद बारिश का दौर धीमा पड़ने और 18 अक्टूबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंचे CM सुक्खू को फिर दिल्ली से बुलावा! राहुल गांधी के साथ होगी चर्चा; जानें क्या बनी रणनीति
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों और मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा होने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग दिखाई दे सकता है।
कई इलाकों में बढ़ सकती है ठंड
अक्टूबर के मध्य में मौसम में होने वाले इस बदलाव से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और वहां घूमने जाने वाले पर्यटकों को मौसम के अनुसार तैयारी रखने की जरूरत होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कांग्रेस MLA के गृह क्षेत्र में हो गया खेला! वरिष्ठ नेता सहित कई कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल
7 जिलों में आंधी-बिजली चमकने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज के लिए ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी-तूफान तथा बिजली चमकने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
सावधानी बरतने की सलाह
खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के नजदीक रहने से बचना चाहिए। पहाड़ी सड़कों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि बारिश से सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : रोहतांग में फोटोग्राफी का शौक पड़ा भारी! गाजियाबाद का स्कूली छात्र गहरी खाई में गिरा; थमी सांसें
कल बढ़ेगा मौसम का असर
गुरुवार यानी कल भी प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहने की संभावना है। इस दिन किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। कई क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है।
ऊचांई वाले इलाकों में संभल कर करें यात्रा
मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को स्थानीय पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वालों को रास्तों और मौसम की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खाना मांगा.. तो मां ने छीन ली 8 वर्षीय बेटी की सांसें ! बच्ची के लिए बिस्कुट लेने गया था पिता
फिर मौसम में सुधार के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होने लगेगा। इसके चलते बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 16 और 17 अक्टूबर को मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है, जबकि 18 अक्टूबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।
दोबारा होगा गर्मी का एहसास
मौसम साफ होने के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 अक्टूबर से तापमान सामान्य से ऊपर जाने की संभावना है। इससे दिन के समय गर्मी का एहसास दोबारा बढ़ सकता है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड बनी रह सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद 16 अक्टूबर से तापमान बढ़ने लगेगा।
यह भी पढ़ें : वोट ही नहीं... सरकार गिराकर विधायक भी चुराती है भाजपा ! सीएम सुक्खू का BJP पर तीखा वार
धूप के बाद अब बारिश से गिरेगा पारा
पिछले दो दिनों में धूप निकलने के कारण हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। हालांकि, इससे पहले रविवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। तापमान में यह अंतर प्रदेश में बदलती मौसमी परिस्थितियों को दर्शाता है।
