शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों और स्कूली बच्चों के लिए साल 2027 छुट्टियों के लिहाज से खास रहने वाला है। नए साल में त्योहारों और शनिवार-रविवार की छुट्टियों का ऐसा संयोग बन रहा है कि कई मौकों पर लगातार तीन से पांच दिन तक छुट्टियां मनाने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि कुछ अवसरों पर कर्मचारियों को केवल एक दिन का अतिरिक्त अवकाश लेना होगा और छुट्टियां लंबी हो जाएंगी। जनवरी में राज्यत्व दिवस और गणतंत्र दिवस के आसपास चार से पांच दिन का ब्रेक मिल सकता है, जबकि मार्च, अप्रैल, मई और जून में भी लंबे वीकेंड के कई अवसर बन रहे हैं।
प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। अधिसूचना के अनुसार, अगले साल कुल 24 राजपत्रित अवकाश घोषित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को निर्धारित सूची में से अपनी पसंद के दो प्रतिबंधित अवकाश लेने की सुविधा भी मिलेगी। वहीं, जिला उपायुक्त अपने-अपने जिलों में दो स्थानीय अवकाश घोषित कर सकेंगे। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों के साथ स्कूली बच्चों को भी सालभर त्योहारों और छुट्टियों का इंतजार रहेगा।
यह भी पढ़ें : बाली-विक्रमादित्य सिंह के बाद अब इस मंत्री ने खुलेआम किया CM सुक्खू के फैसले का विरोध; दी ये नसीहत
जनवरी में बनेगा पांच दिन का ब्रेक
साल 2027 की शुरुआत ही छुट्टियों के अच्छे संयोग के साथ होगी। 25 जनवरी सोमवार को हिमाचल प्रदेश राज्यत्व दिवस और 26 जनवरी मंगलवार को गणतंत्र दिवस का अवकाश रहेगा। इससे पहले 23 और 24 जनवरी को शनिवार और रविवार हैं। इस तरह कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। अगर कोई कर्मचारी 22 जनवरी शुक्रवार को एक दिन का अतिरिक्त अवकाश ले लेता है तो 22 से 26 जनवरी तक लगातार पांच दिन की छुट्टियां मनाई जा सकती हैं। साल की शुरुआत में ही घूमने-फिरने या परिवार के साथ समय बिताने का यह अच्छा मौका होगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का दूसरे राज्यों को झटका: अब मुफ्त नहीं मिलेगा हिमाचल का पानी! चुकानी होगी कीमत
मार्च में त्योहारों की भरमार
मार्च का महीना भी अवकाश के लिहाज से काफी खास रहेगा। इस महीने 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 23 मार्च को होली और 26 मार्च को गुड फ्राइडे का राजपत्रित अवकाश रहेगा। होली मंगलवार को पड़ रही है। ऐसे में कर्मचारी 22 मार्च सोमवार को छुट्टी लेकर 20 से 23 मार्च तक लगातार चार दिन का अवकाश बना सकते हैं। वहीं, 26 मार्च शुक्रवार को गुड फ्राइडे होने के कारण शनिवार और रविवार जुड़कर तीन दिन का लंबा वीकेंड मिलेगा।
अप्रैल में एक छुट्टी लेकर मिल सकते हैं लगातार पांच दिन
अप्रैल में भी छुट्टियों का शानदार संयोग बन रहा है। 14 अप्रैल बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती और 15 अप्रैल गुरुवार को हिमाचल दिवस तथा राम नवमी का अवकाश रहेगा। यदि कर्मचारी 16 अप्रैल शुक्रवार को एक दिन की छुट्टी ले लेते हैं तो इसके बाद शनिवार और रविवार जुड़ जाएंगे। इस तरह 14 से 18 अप्रैल तक लगातार पांच दिन का ब्रेक मिल सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाएं होंगी हाईटेक... इसके लिए सुक्खू सरकार ने 661 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी
मई में भी दो लंबे वीकेंड बनाने का मौका
मई महीने में 8 तारीख शनिवार को भगवान श्री परशुराम जयंती का अवकाश रहेगा। इसके बाद 17 मई सोमवार को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद की छुट्टी घोषित की गई है। शनिवार और रविवार के बाद सोमवार का अवकाश होने से तीन दिन का वीकेंड बनेगा। वहीं, 20 मई गुरुवार को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश रहेगा। कर्मचारी यदि 21 मई शुक्रवार को एक दिन की छुट्टी ले लेते हैं तो शनिवार और रविवार मिलाकर लगातार चार दिन का अवकाश मिल सकता है।
जून में एक दिन की छुट्टी लेकर पांच दिन आराम का मौका
जून में भी सरकारी कर्मचारियों को लंबे वीकेंड का लाभ मिल सकता है। 7 जून सोमवार को महाराणा प्रताप जयंती, 16 जून बुधवार को मुहर्रम और 18 जून शुक्रवार को संत गुरु कबीर जयंती का अवकाश रहेगा। 18 जून शुक्रवार की छुट्टी के साथ शनिवार और रविवार जुड़ने से लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। वहीं, 16 जून बुधवार को मुहर्रम और 18 जून शुक्रवार को संत गुरु कबीर जयंती के बीच यदि कर्मचारी 17 जून गुरुवार को एक दिन की छुट्टी ले लेते हैं तो 16 से 20 जून तक लगातार पांच दिन का ब्रेक बनाया जा सकता है।
यह भी पढें : हिमाचल : पिता ने बेटी की शादी में नहीं परोसी शराब, फौजी ने अपनी पेंशन से दिया 11 हजार इनाम
अक्टूबर में त्योहारों की रौनक
अक्टूबर का महीना भी छुट्टियों के लिहाज से खास रहने वाला है। 2 अक्टूबर शनिवार को महात्मा गांधी जयंती और 9 अक्टूबर शनिवार को दशहरा का अवकाश रहेगा। इसके बाद 15 अक्टूबर शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती की छुट्टी है। महिला कर्मचारियों के लिए 18 अक्टूबर सोमवार को करवा चौथ का विशेष अवकाश भी निर्धारित है। ऐसे में 15 अक्टूबर शुक्रवार से 18 अक्टूबर सोमवार तक लगातार चार दिन की छुट्टी का संयोग बनेगा। यह लाभ अधिसूचना में निर्धारित महिला कर्मचारियों पर लागू होगा।
महीने के आखिर में 29 अक्टूबर शुक्रवार को दिवाली का राजपत्रित अवकाश रहेगा। इसके बाद शनिवार और रविवार होने से तीन दिन का वीकेंड बनेगा। 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 31 अक्टूबर को भाई दूज भी अवकाश सूची में शामिल हैं। हालांकि, गोवर्धन पूजा प्रतिबंधित अवकाशों की सूची में है और भाई दूज रविवार को पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : रामपुर सीट उपचुनाव : फरवरी-मार्च में हो सकता है मतदान, कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती
दो प्रतिबंधित अवकाश लेने की भी सुविधा
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, राजपत्रित अवकाशों के अलावा प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को प्रतिबंधित अवकाशों की सूची में से अपनी पसंद के दो अवकाश लेने की अनुमति होगी। इस सूची में नए साल का दिन, मकर संक्रांति, वसंत पंचमी, स्वामी दयानंद सरस्वती जयंती, ईस्टर संडे, महावीर जयंती, गणेश चतुर्थी, महाअष्टमी, गोवर्धन पूजा और क्रिसमस ईव सहित 12 अवसर शामिल हैं। इनमें से कर्मचारी अपनी सुविधा और त्योहार के अनुसार दो अवकाश चुन सकेंगे। यानी राजपत्रित छुट्टियों के अलावा अपनी पसंद के त्योहारों पर भी छुट्टी लेने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
डीसी अपने जिलों में घोषित कर सकेंगे दो स्थानीय छुट्टियां
सरकार ने जिला स्तर पर स्थानीय त्योहारों और मेलों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्तों को वर्ष 2027 में दो स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया है। ये छुट्टियां संबंधित जिलों के महत्वपूर्ण मेलों और स्थानीय आयोजनों के अवसर पर घोषित की जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें : HRTC ड्राइवर-कंडक्टर ने बुजुर्ग को दिया नया जीवन, चलती बस में हो गया था बेसुध
महिला कर्मचारियों के लिए भी विशेष छुट्टियों का प्रावधान
अधिसूचना में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत अनुबंध-II में शामिल छुट्टियां हिमाचल प्रदेश के सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए राजपत्रित अवकाश मानी जाएंगी। दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारियों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार इन छुट्टियों का लाभ मिलेगा।
