पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के पांवटा साहिब क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के भीतर विशाल अजगर होने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब सात फुट लंबा अजगर पिछले कई दिनों से घर के आसपास और अंदर छिपकर बैठा था। जैसे ही परिवार के लोगों को इसकी भनक लगी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना पांवटा साहिब के बांगरण क्षेत्र की है। परिवार के सदस्यों ने घर के एक हिस्से में अचानक हलचल देखी। पहले तो उन्हें लगा कि कोई सामान्य जीव होगा, लेकिन जब पास जाकर देखा तो विशाल अजगर कुंडली मारकर बैठा था। अजगर को देखते ही परिवार के लोग डर गए और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिजली ठीक करते कर्मचारी की करंट लगने से मौ*त, कुछ माह पहले हुई थी शादी

रेस्क्यू के दौरान लोगों की लगी भीड़

अजगर निकलने की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान लोग दूर खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो दिन से डरा-सहमा घूम रहा था शख्स, आज पुल के नीचे मिली देह; उठे कई सवाल

 

करीब सात फुट लंबे इस अजगर को पकड़ना आसान नहीं था। काफी देर की मेहनत के बाद स्नेक कैचर ने उसे सुरक्षित तरीके से काबू किया और बाद में वन्य क्षेत्र में छोड़ने के लिए अपने कब्जे में ले लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

गर्मियों में बढ़ जाते हैं ऐसे मामले

स्नेक कैचर के अनुसार गर्मियों के मौसम में सांप और अजगर अक्सर ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। खेतों, गोदामों, घरों और झाड़ियों में इनके छिपे होने की संभावना बढ़ जाती है। यही कारण है कि इस मौसम में ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तूफानी तांडव से सहमे लोग: कई घरों-स्कूलों की छतें उड़ीं, पेड़ों के नीचे दबे वाहन; बिजली गुल

स्नेक कैचर की अपील

स्नेक कैचर भूपेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप या अजगर दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि कई बार लोग डर के कारण खुद ही जोखिम उठाने लगते हैं, जिससे हादसा हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: गहरी खाई में पलटा पर्यटकों से भरा वाहन- 6 की मौके पर मौत, 4 गंभीर

 

उन्होंने बताया कि अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन उसका आकार और शिकार पकड़ने का तरीका खतरनाक हो सकता है। अजगर अपने शिकार को जकड़कर काबू करता है, इसलिए उससे दूरी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा झाड़ियों को समय-समय पर हटाने की भी सलाह दी, ताकि ऐसे वन्य जीव रिहायशी क्षेत्रों में प्रवेश न कर सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें