राजनीति

#यूटिलिटी

November 7, 2026

दिवाली पर घर आने की टेंशन खत्म, आज इन 3 शहरों से चलेंगी 132 HRTC बसें

दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से हिमाचल आएंगी 132 अतिरिक्त एचआरटीसी बसें

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

HRTC Bus Diwali

शिमला। दिवाली का त्योहार अपनों के साथ मनाने की चाह रखने वाले हिमाचलियों के लिए राहत भरी खबर है। नौकरी और कारोबार के सिलसिले में दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी सहित अन्य शहरों में रहने वाले लोगों को त्योहार पर घर पहुंचने के लिए बसों की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं।

 

निगम आज शनिवार को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 132 अतिरिक्त बसें संचालित करेगा। यानी अब प्रदेश के हजारों लोग आसानी से अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ दिवाली की खुशियां बांट सकेंगे। त्योहार पर अपनों के बीच पहुंचने की उत्सुकता और बसों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम ने यह विशेष व्यवस्था की है।

तीन प्रमुख शहरों से हिमाचल के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें

एचआरटीसी की ओर से शनिवार को संचालित की जाने वाली 132 अतिरिक्त बसों में सबसे अधिक 63 बसें चंडीगढ़ से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के लिए भेजी जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली से 49 और बद्दी से 20 अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। इन बसों के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। इससे पहले छह नवंबर को भी निगम ने इन तीनों स्थानों से हिमाचल के लिए 134 अतिरिक्त बसें चलाई हैं। इनमें दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 बसें शामिल थीं।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के विभाग को केंद्र की सौगात, एक हजार करोड़ से भरेंगे पुराने

35 से अधिक यात्री होने पर मिलेगी बस

त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या को देखते हुए एचआरटीसी ने अतिरिक्त बसों के साथ ऑन डिमांड सेवा का भी प्रावधान किया है। यदि किसी स्थान पर हिमाचल आने वाले 35 से अधिक यात्री एक साथ बस की मांग करते हैं तो निगम की ओर से वहां अतिरिक्त बस भेजी जाएगी। इससे उन यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी, जिन्हें निर्धारित बसों में सीट नहीं मिल पाती। निगम का प्रयास है कि दिवाली पर घर जाने वाले लोगों को परिवहन की समस्या के कारण अपने परिवार से दूर न रहना पड़े।

दिवाली के दिन शाम पांच बजे से बंद रहेंगी लोकल बसें

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि दिवाली के दिन आठ नवंबर को शाम पांच बजे से नौ नवंबर सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी। इस अवधि में प्रदेश के भीतर लोकल रूटों पर बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। हालांकि यात्रियों की जरूरत को देखते हुए आठ नवंबर शाम पांच बजे के बाद लंबी दूरी के महत्वपूर्ण रूटों पर विशेष बस सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों के लिए बसें चलाई जाएंगी, ताकि लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने राहुल-प्रियंका को दी दिवाली की बधाई, कैबिनेट विस्तार पर चर्चा!

दिवाली पर सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद

त्योहार के दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। डीजीपी अशोक तिवारी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात सुचारू रखने और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं महानिदेशक होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं को भी दिवाली के दौरान विशेष अग्नि सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल गाड़ियां

दिवाली के दौरान बाजारों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों और आगजनी की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर दमकल गाड़ियों तथा क्विक रिस्पांस वाहनों की तैनाती की जाएगी। शाम के व्यस्त समय में प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मचारियों को भी मुस्तैद रखा जाएगा। सभी अग्निशमन केंद्रों को हाई अलर्ट पर रहने और वाहनों, उपकरणों, पानी के भंडार तथा पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रदेशवासी बिना किसी डर और परेशानी के दिवाली का त्योहार मना सकें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ी नए जिलों की उम्मीद! आयोग ने शुरू किया मंथन, बदल जाएंगी सीमाएं

इस दिवाली घर पहुंचने की राह होगी आसान

दिवाली सिर्फ रोशनी और आतिशबाजी का त्योहार नहीं, बल्कि अपनों के साथ खुशियां बांटने और परिवार के बीच लौटने का भी अवसर है। ऐसे में एचआरटीसी की 132 अतिरिक्त बसों का संचालन उन हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जो सालभर कामकाज के चलते अपने घर और परिवार से दूर रहते हैं। निगम की इस पहल से उम्मीद है कि अधिक से अधिक लोग समय पर अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मना सकेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख